क्रिकेट

Published: Mar 01, 2022 09:52 AM IST

IPL 2022गुजरात टाइटंस को लगा बड़ा झटका, इस खिलाड़ी ने लिया IPL से हटने का फैसला

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नई दिल्ली, इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (Indian Premier League 2022) शुरू होने से पहले गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) को बड़ा झटका लगा है। इंग्लैंड के बल्लेबाज जेसन रॉय (Jason Roy) आईपीएल 2022 (IPL 2022) से हट गए हैं। हाल ही में हुए मेगा ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने जेसन रॉय (Jason Roy) को 2 करोड़ रुपये के बेस प्राइस में खरीदा था। जेसन रॉय (Jason Roy) ने लंबे समय तक बायो बबल में रहने की चुनौतियों को देखते हुए यह फैसला किया। 

मिली हुई खबर के मुताबिक, जेसन रॉय (Jason Roy) ने पिछले सप्ताह ही गुजरात टाइटंस को अपने फैसले के बारे में बता दिया है। हालांकि, टीम ने अभी तक उनकी जगह पर किस खिलाड़ी को शामिल करना है इस पर फैसला नहीं लिया है। जेसन रॉय ने पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के सातवें सीजन में अच्छा प्रदर्शन किया है।

बता दें कि, यह दूसरी बार है जब जेसन रॉय (Jason Roy) आईपीएल से हट गए हैं। साल 2020 में जेसन रॉय ने आईपीएल से अपना नाम वापस लिया था। तब उन्हें दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने उन्हें 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। जेसन रॉय के लिए गुजरात टाइटंस आईपीएल की चौथी टीम थी। इससे पहले साल 2017 में गुजरात लायंस, 2018 में दिल्ली डेयरडेविल्स और 2021 में वे सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल चुके हैं।

आईपीएल 2021 में जेसन रॉय अनसॉल्ड थे। लेकिन मिचेल मार्श के चोटिल होने पर हैदराबाद ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था। जेसन रॉय ने अभी तक आईपीएल में 13 मैच में 29.90 की औसत और 129.01 की स्ट्राइक रेट से 329 रन बनाए हैं। उन्होंने दिल्ली और हैदराबाद की तरफ से खेलते हुए दो अर्धशतक जड़े हैं। बता दें कि, इस बार आईपीएल में 10 टीमें खेलते हुए नज़र आने वाली है। इस साल आईपीएल से गुजरात टाइटन्स और लखनऊ सुपर जायन्ट्स दो टीमें जुड़ी हैं।