गुजरात

Published: Nov 23, 2022 07:28 PM IST

Gujarat Elections 2022PM मोदी का विपक्ष पर वार, बोले- 'कांग्रेस ने आदिवासी महिला को राष्ट्रपति चुनाव में हराने की कोशिश की'

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

दाहोद/ नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात दौरे पर है। यहां पर राज्य के दाहोद जिले में उन्होंने कहा कि, कांग्रेस ने राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवार उतारकर हमारे नामित आदिवासी महिला (द्रौपदी मुर्मू) को हराने की कोशिश की। पीएम ने कहा कि, आदिवासी हमारे भाई-बहन हैं। देश की आजादी में इनका बहुत बड़ा योगदान है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि, हमारी सरकार ने आदिवासियों की जिंदगी बदल दी है। बता दें कि, मध्य गुजरात के जनजातीय बहुल दाहोद में पांच दिसंबर को चुनाव होना है।

पीएम मोदी ने आगे कहा 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में जारी कांग्रेस की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि, ‘‘एक आदमी सत्ता में वापसी करने के लिए पैदल यात्रा कर रहा है। अपने भाषणों में वह जनजातीय समुदाय की बात करता है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि कांग्रेस ने राष्ट्रपति चुनाव में बीजेपी की महिला जनजातीय उम्मीदवार का समर्थन क्यों नहीं किया? इसकी जगह उन्होंने उन्हें हराने के लिए अपना उम्मीदवार मैदान में उतारा।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘कांग्रेस ने कभी जनजातीय समुदाय के किसी व्यक्ति को राष्ट्रपति बनाने की क्यों नहीं सोची? यह भाजपा है, जिसने ना सिर्फ जनजातीय समुदाय के एक व्यक्ति बल्कि एक महिला को राष्ट्रपति बनाया और पूरी दुनिया को एक संदेश दिया।’’

कांग्रेस ने पूरे देश को किया बर्बाद

अपने रैली में कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ”कांग्रेस भाई-भतीजावाद, जातिवाद, संप्रदायवाद और वोट बैंक की राजनीति का मॉडल है।” उन्होंने यह भी दावा किया कि, कांग्रेस ने गुजरात और पूरे देश को बर्बाद कर दिया है।

उल्लेखनीय है कि, गुजरात में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होने वाला है। पहले चरण का मतदान एक दिसंबर को और दूसरे चरण का मतदान पांच दिसंबर को होगा। जबकि, मतों की गिनती आठ दिसंबर को होगी।