पटना/नई दिल्ली: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और विधायक आदित्य ठाकरे ने बुधवार को बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव से मुलाकात की। उन्होंने राबड़ी आवास पर तेजस्वी यादव से मुलाकात की। इस दौरान तेजस्वी यादव ने आदित्य ठाकरे, प्रियंका चतुर्वेदी सहित सभी नेताओं का स्वागत किया। आदित्य का स्वागत के दौरान तेजस्वी यादव ने उन्हें मिथिला पेंटिंग की चादर और लालू प्रसाद यादव पर लिखी दो किताबें भेंट दीं। वहीं, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री ने बिहार के डिप्टी सीएम को एक मराठी शॉल और शिवाजी महाराज की मूर्ति भेंट की।
राबड़ी आवास में तेजस्वी यादव और आदित्य ठाकरे की मुलाकात और बैठक के दौरान शिवसेना की महिला नेता प्रियंका चतुर्वेदी और अनिल देसाई भी उपस्थित थे। तेजस्वी से मिलने के बाद आदित्य ठाकरे और तेजस्वी यादव सीएम नीतीश कुमार से मिलने एक अणे मार्ग गए। जहां आदित्य ठाकरे और प्रियंका चतुर्वेदी ने मुख्यमंत्री आवास पर नीतीश कुमार से मुलाकात की।
Patna, Bihar | Shiv Sena (Uddhav Thackeray) leader Aditya Thackeray and party MP Priyanka Chaturvedi meet Bihar CM Nitish Kumar at his residence in the presence of Deputy CM Tejashwi Yadav. pic.twitter.com/NS3vUfblyw
— ANI (@ANI) November 23, 2022
बता दें कि, मुलाकात से पहले आदित्य ठाकरे ने कहा कि तेजस्वी यादव मेरी उम्र के हैं। हम हमेशा से फोन पर बात करते रहे हैं। जब हम सरकार में थे, तब भी उनसे बात होती थी। जब वह विपक्ष में थे, तब भी हमारी बातचीत जारी थी। आज हम पहली बार मिलेंगे। हम पर्यावरण, उद्योग, जलवायु संकट सहित अच्छे काम के बारे में चर्चा करेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार, आदित्य और तेजस्वी की इस मुलाकात को विपक्षी एकता की कवायद के तौर पर भी देखा जा सकता है। चूंकि बिहार के सीएम नीतीश कुमार काफी समय से विपक्ष को एकजुट करने की कोशिश में लगे हुए है। जबकि महाराष्ट्र में पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस के साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।