भोपाल

Published: Feb 02, 2023 04:44 PM IST

Madhya Pradeshशिवराज सिंह चौहान ने दिया संकेत, केंद्रीय बजट की तर्ज पर बनेगा मध्य प्रदेश का बजट

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

भोपाल: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने केंद्रीय बजट (Union Budget 2023) की सराहना करते हुए बृहस्पतिवार को संकेत दिए कि मध्य प्रदेश का बजट भी इसी तर्ज पर होगा। मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh)  का आगामी बजट कैसा होगा के सवाल पर उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ अब एक व्यापक ‘गाइडलाइन’ (केंद्रीय बजट) हमारे पास है। प्रधानमंत्री आवास योजना का आवंटन बढ़ाया है तो हम अपने गरीबों के लिए कैसे ज्यादा आवास बनाये, इसपर ध्यान देंगे। मोटे तौर पर इससे मध्य प्रदेश को लाभ मिलेगा। मध्य प्रदेश के बजट बनाते समय हम इन योजनाओं को ध्यान में रखेंगे।”

उन्होंने केंद्रीय बजट की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह लोगों के लिए एक बड़ी राहत के तौर पर आया है। यह सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी बजट है। देश के समस्त विकास को समर्पित बजट है। यह दुनिया में सबसे तेज गति से देश को वृद्धि की राह दिखाने वाला बजट है।

मुख्यमंत्री (Shivraj Singh Chouhan) ने कहा, ‘‘ सभी क्षेत्र के लोगों ने बजट का स्वागत किया है।” पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती की शराब नीति में बदलाव की मांग के बारे में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री चौहान ने कोई जवाब नहीं दिया। मध्य प्रदेश सरकार जल्द ही नई शराब नीति लाने वाली है।

मुख्यमंत्री ने 26 जनवरी को जबलपुर में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान कहा था कि यह (नई आबकारी नीति) शराब को हतोत्साहित करेगी। इससे प्रदेश में शराब की दाम बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ और अन्य नेताओं के बयान कि राज्य की भाजपा सरकार ने अपने वादों को पूरा नहीं किया, पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस व कमलनाथ हताशा से ग्रस्त हैं। कांग्रेस और उसके नेता खबरों में बने रहने के लिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।(एजेंसी)