अमरावती

Published: Apr 18, 2022 07:04 PM IST

Clashमहाराष्ट्र: अमरावती में धार्मिक झंडे हटाने को लेकर दो समूहों के बीच झड़प; 2 शहरों में कर्फ्यू, पथराव में 1 पुलिस कर्मी घायल, 25 अरेस्ट

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

अचलपुर. दूल्हा गेट पर भगवा फहराने के विवाद में रविवार की रात पथराव हुआ। जिसमें दोनों समुदाय के लोग घायल हुए। आटो, कार व कई वाहनों की तोड़फोड़ करने से पुलिस ने आंसू गैस का प्रयोग किया। जिससे दंगाई तितर-बितर हो गए। स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने रात 11:30 बजे के बाद अनिश्चित काल के लिए कर्फ्यू लगा दिया।

अचलपुर,परतवाड़ा, देवमाली व कांडली में यह कर्फ्यू दूसरे दिन सोमवार को भी जारी रहा। 3 अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर दोनों गुटों के 25 दंगाइयों को अरेस्ट कर लिया गया है। अकोला पुलिस की भी मदद ली गई। आईजीपी चंद्रकिशोर मीना व प्रभारी एसपी शशीकांत सातव रात से अचलपुर में डेरा डाले स्थिति पर नजर रखे है। संवेदनशील क्षेत्रों में कड़े पुलिस बंदोबस्त के साथ एसआरपीएफ की 3 प्लाटून तैनात कर दी गई है।

भाजपा के भगवा फहराने से पथराव

पुलिस सूत्रों के अनुसार अचलपुर में मुस्लिम बहुल क्षेत्र बिलनपुरा स्थित दूल्हा गेट पर भाजपा पदाधिकारी अभय माथने समेत 4-5 कार्यकर्ताओं ने रविवार की रात 9:30 बजे भगवा फहराया। जिसके बाद दूसरे समुदाय के लोगों ने यह ध्वज दूल्हा गेट से हटाने का प्रयास किया। इस पर भाजपाइयों ने विरोध जताया। जिससे दोनों पक्षों में शाब्दिक बहस हुई। जिसके बाद दोनों गुटों के लोगों ने आमने-सामने एक-दूसरे पर पथराव किया। दोनों गुटों के लोग घायल हुए। बेकाबू हो रही स्थिति पर पुलिस ने तत्काल नियंत्रण पाया।

दंगा नियंत्रण पथक का पुलिस कर्मी राम ददगाल भी पत्थर लगने से घायल हो गये। समाचार लिखे जाने तक स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। शांति पूर्ण तनाव कायम है।