महाराष्ट्र

Published: Mar 21, 2023 09:34 PM IST

Amruta Fadnavis Caseअमृता फडणवीस मामला: 'सट्टेबाज' अनिल जयसिंघानी 27 मार्च तक पुलिस हिरासत में

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई. मुंबई की एक अदालत ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस को ब्लैकमेल करने और रिश्वत देने के कथित प्रयास से जुड़े मामले में मंगलवार को कथित सट्टेबाज अनिल जयसिंघानी को 27 मार्च तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

अदालत ने जयसिंघानी की बेटी अनीक्षा जयसिंघानी की पुलिस हिरासत भी 24 मार्च तक बढ़ा दी। अनिल जयसिंघानी को एक दिन पहले गुजरात से पकड़ा गया था। अनिल जयसिंघानी को मंगलवार को यहां अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डी डी अल्माले के समक्ष पेश किया गया। मुंबई पुलिस ने 16 मार्च को डिजाइनर अनीक्षा अनिल जयसिंघानी को गिरफ्तार किया था।

अनीक्षा को तब गिरफ्तार किया गया जब अमृता फडणवीस ने उस पर एक आपराधिक मामले में हस्तक्षेप के लिए रिश्वत की पेशकश करने और धमकी देने का आरोप लगाया, जिसमें अनिल जयसिंघानी संलिप्त थे। अनीक्षा को उसकी शुरुआती हिरासत खत्म होने पर मंगलवार को अदालत में पेश किया गया।

अदालत ने उसकी हिरासत बढ़ा दी क्योंकि पुलिस ने कहा कि आगे की जांच के लिए यह आवश्यक है। पिता-पुत्री पर आपराधिक साजिश और जबरन वसूली से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धाराओं और भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पहले कहा था कि अनिल जयसिंघानी के खिलाफ कम से कम 17 मामले लंबित हैं। (एजेंसी)