औरंगाबाद

Published: Mar 23, 2022 09:53 PM IST

Aurangabad Smart City पांच अप्रैल से औरंगाबाद वासियों को स्मार्ट मैसेज अलर्ट और अन्य डिजिटल सुविधा

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
कंटेन्ट एडिटरनवभारत.कॉम

औरंगाबाद: औरंगाबाद स्मार्ट सिटी डेपलवमेंट कार्पोरेशन (Aurangabad Smart City Development Corporation) और औरंगाबाद महानगरपालिका (Aurangabad Municipal Corporation) की ओर से नए आर्थिक वर्ष से ई-गवर्नन्स (E-Governance) के अंतर्गत नागरिकों के मोबाइल (Mobile) पर मैसेज (Message) की सुविधा उपलब्ध होगी। इस सुविधा के बदौलत शहर केक लोगों को डिजिटल सेवा (Digital Service) का लाभ मिलेगा। इस सुविधा से करदाताओं को वार्ड कार्यालय के चक्कर मारने की जरुरत नहीं पड़ेगी, बल्कि घर बैठे महानगरपालिका द्वारा भेजी गई लिंक से करों की राशि अदा करने की सुविधा उपलब्ध होगी।

औरंगाबाद महानगरपालिका कमिश्नर और प्रशासक आस्तिक कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में औरंगाबाद स्मार्ट सिटी ने महानगरपालिका के सभी सुविधा डिजिटल उपलब्ध कराकर दी है। इसके अंतर्गत नागरिक महानगरपालिका की सभी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। साथ ही शिकायत भी दर्ज कर सकते है। इसके ही अंतर्गत नए आर्थिक वर्ष से यानी अप्रैल माह में नागरिकों को स्मार्ट अलर्ट भी मिलेगा। संपत्ति कर और पेयजल कर भरने के लिए यह मैसेज आएगा। इसके लिए औरंगाबाद स्मार्ट सिटी ने यह पोर्टल लांच किया है। 

एक क्लिक पर उपलब्ध होगी जानकारी

इस पोर्टल के अंतर्गत नागरिकों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक पेमेंट लिंक आएगी। इस लिंक पर क्लिक करने के बाद नागरिकों को संपत्ति कर और पेयजल आपूर्ति कर कितना है, इसकी विस्तृत जानकारी मिलेगी। इसी लिंक द्वारा नागरिक यूपीआई और क्यूआर कोड के सहारे करों की बकाया राशि आसानी से अदा कर पाएंगे। नागरिकों को  बिना  किसी बाधाओं के संपत्ति और पेयजल आपूर्ति करों राशि की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। यह जानकारी स्मार्ट सिटी प्रकल्प के अभियंता फैज अली ने दी। इस सुविधा के चलते नागरिकों के समय की बचत होगी। घर बैठे आसानी से करों की राशि अदा करना आसान होगा। इस पोर्टल से नागरिक महानगरपालिका से संबंधित शिकायतें भी कर सकते हैं। इन शिकायतों का समय पर निपटारा करने के लिए विशेष यंत्रणा कार्यान्वित की गई है।