औरंगाबाद

Published: Feb 24, 2021 08:12 PM IST

चोरीनाइट कर्फ्यू में चोरों का पुलिस को चैलेंज, डॉक्टर के बंगले से 70 लाख की चोरी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
कंटेन्ट एडिटरनवभारत.कॉम
file

औरंगाबाद. शहर में कोरोना (Corona) महामारी के दोबारा से पांव पसारने के बाद शहर के पुलिस कमिश्नर डॉ. निखिल गुप्ता (Police Commissioner Dr. Nikhil Gupta) ने मंगलवार की रात से नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) लगाया हुआ है। जिसे लेकर पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात किए गए हैं। इसके बावजूद चोरों ने चैलेंज देते हुए शहर के उस्मानपुरा स्थित एक डॉक्टर के बंगले में चोरी कर 100 तोला सोना (Gold) और 10 लाख रुपए कैश (Cash) मिलाकर करीब 70 लाख रुपए का माल उड़ा लिया। वारदात के समय डॉक्टर के बंगले पर ताला लगा हुआ था। उनका  परिवार देव दर्शन के लिए गया हुआ था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि उस्मानपुरा थाना क्षेत्र के प्रतापनगर निवासी डॉ. सुषमा सोनी अपने परिवार के साथ गत सप्ताह देव दर्शन के लिए अन्य राज्य में गए हुए थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मंगलवार की देर रात डॉ. सुषमा सोनी के घर में प्रवेश कर 100 तोले सोने के आभूषण और 10 लाख रुपए की रकम इस तरह करीब 70 लाख का माल चोरी कर चलते बने। बुधवार की सुबह डॉ. सोनी का नौकर बंगले में स्थित पौधों को पानी डालने पहुंचा तब उसे चोरी का पता चला।

घटना की जानकारी मिलते ही शहर के पुलिस कमिश्नर डॉ. निखिल गुप्ता, डीसीपी निलेश खाटमोडे, डीसीपी दीपक गोरे सहित क्राइम ब्रांच अधिकारियों ने डॉ. सोनी के बंगले का दौरा कर घटना की जानकारी ली। इस घटना से उस्मानपुरा परिसर में हड़कंप मच गया है। गौरतलब है कि इन दिनों शहर में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र उड़ाना, बाइक की चोरी करना, घरों में सेंधमारी करने की घटनाएं निरंतर जारी हैं। शहर के पुलिस आयुक्त डॉ. गुप्ता इन बढ़ते वारदातों पर लगाम लगाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं, परंतु उनके हाथ कामयाबी नहीं लग पा रही है।