राज्य

Published: Apr 24, 2023 08:24 PM IST

Metro Project Stalled भिवंडी: राजनीति के चलते अधर में लटकी मेट्रो मार्ग-5 परियोजना, नहीं हो रहा एक वर्ष से काम

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
कंटेन्ट एडिटरनवभारत.कॉम
File Photo

भिवंडी: मेट्रो मार्ग 5 परियोजना का निर्माण कार्य भिवंडी में थम गया है। भिवंडी वासियों को ठाणे से भिवंडी, कल्याण तक जोड़ने वाली महात्वाकांक्षी मेट्रो रेल सेवा के पूर्ण होने पर संशय दिखाई पड़ने लगा है। कल्याण नाका से साईं बाबा मंदिर तक करीब 3 किलोमीटर अंडर ग्राउंड मेट्रो मार्ग निर्माण किये जाने की खबर के बाद करीब 1 वर्ष से धामणकर नाका से मेट्रो मार्ग निर्माण पूर्णतया ठप हो गया है। धामणकर नाका फ्लाईओवर को नहीं तोड़े जाने से भी मेट्रो परियोजना पर प्रश्नचिन्ह खड़ा हो चुका है। जागरूक नागरिकों का कहना है कि मेट्रो परियोजना से शहर का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होता जो अब लालफीताशाही के बीच फंसता दिखाई पड़ रहा है।

गौरतलब हो कि 2018 में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सरकार द्वारा ठाणे से भिवंडी कल्याण तक करीब 8 हजार 600 करोड़ से अधिक लागत की मेट्रो मार्ग उपक्रम का शुभारंभ जोरशर से किया गया था। एमएमआरडीए द्वारा विगत 3 वर्षों के दौरान ठाणे से कसेली, कालहेर, पूर्णा, अंजुरफाटा, धामनकर नाका फ्लाईओवर के पूर्व स्कॉलर स्कूल तक मेट्रो स्टेशन निर्माण हेतु जरूरी पिलर का निर्माण करीब 70% पूर्ण किया जा चुका है। भिवंडी स्थित स्कॉलर स्कूल से आगे पिलर निर्माण के लिए धामनकर नाका फ्लाईओवर को ध्वस्त किया जाना अभी तक बाकी है। फ्लाईओवर टूटे बगैर आगे निर्माण कार्य किया जाना असंभव है।

3 किलोमीटर अंडरग्राउंड होने से होगा विलंब 

कल्याण नाका से साईं बाबा मंदिर तक सड़क विस्तारीकरण से बचाव के लिए करीब 3 किलोमीटर प्रस्तावित अंडरग्राउंड मार्ग के लिए मुख्यमंत्री शिंदे के पास मंजूरी के लिए फाइल एमएमआरडीए ने भेजी है जिस पर फैसला अभी तक नही हुआ है। प्रस्तावित अंडरग्राउंड मेट्रो योजना में करीब 1 हजार 400 करोड़ रुपए का अधिक खर्च संभावित है। जानकारों का कहना है कि, मेट्रो परियोजना में हो रहे विलंब की वजह से योजना निर्माण लागत खर्च और बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। एमएमआरडीए को मेट्रो परियोजना को जल्द से जल्द शुरू करने पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।

मेट्रो रेल सेवा से भिवंडीकरों को होगा सर्वाधिक लाभ 

ठाणे से शुरू होकर भिवंडी, कल्याण तक जा रही मेट्रो मार्ग 5 परियोजना का सबसे ज्यादा फायदा पावरलूम भिवंडी के लोगों का होगा. मेट्रो मार्ग 5 परियोजना में ठाणे से कल्याण तक कुल 17 स्टेशन है। कापुरबावड़ी, बालकुम नाका, कशेली, कालहेर, पूर्णा, अंजुरफाटा, धामणकर नाका, भिवंडी, गोपाल नगर, टेमघर, राजनोली, गोवेगांव, कोन गांव, दुर्गाडी फोर्ट, सहजानंद चौक, कल्याण मेट्रो स्टेशन सहित कल्याण एपीएमसी मार्केट आदि मेट्रो स्टेशन शामिल है। 17 मेट्रो स्टेशनों में से कुल 11 स्टेशन भिवंडी सीमा में आते हैं। मेट्रो 5 परियोजना के शुरू होने से जहां ठाणे से कल्याण जुड़ेगा तथा आजादी के बाद अब तक लोकल रेल कानेक्टिविटी से दूर कपड़ा उद्योग नगरी भिवंडी मेट्रो सेवा शुरू होने तमाम व्यापारियों,नागरिकों का मुंबई सहित दूरदराज शहरों तक व्यापार एवम आवागमन आसान हो जाएगा। शहर के उद्यमियों को रोजगार के तमाम अवसर मेट्रो रेल की कनेक्टिविटी से आसानी से मिल जाएंगे।

शहरवासियों की मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से अपील 

जागरूक शहरवासियों का कहना है कि, मेट्रो मार्ग 5 उपक्रम के जल्द निर्माण से शहर का सर्वांगीण विकास होगा। नागरिकों को रोजगार के तमाम अवसर मिलेंगे जिससे बेरोजगारी दूर होगी। शहरवासियों ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मेट्रो रेल 5 परियोजना को गति प्रदान करने के लिए एमएमआरडीए के शीर्ष अधिकारियों को जरूरी निर्देश देने की अपील की है।