महाराष्ट्र

Published: Nov 11, 2022 10:41 PM IST

Har Har Mahadev Row'हर हर महादेव' विवाद: सुप्रिया सुले ने कहा- आव्हाड पर गर्व है, वह शिवाजी महाराज के सम्मान के लिए लड़ रहे हैं

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Photo

मुंबई. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री जितेंद्र आव्हाड को इस सप्ताह की शुरुआत में मराठी फिल्म “हर हर महादेव” के प्रदर्शन को बाधित करने के सिलसिले में शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बीच, राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने नेता का समर्थन किया और सरकार से पूछा कि क्या यह छत्रपति शिवाजी महाराज के खिलाफ है?

सुप्रिया सुले ने कहा, “आज राकांपा के वरिष्ठ नेता जितेंद्र आव्हाड को पुलिस ने जांच के लिए बुलाया… दबी हुई आवाज में हमने सुना कि ऊपर से दबाव है, हमें नहीं पता कि किसने फोन किया… किसी पर आरोप नहीं लगाया। महाराष्ट्र पुलिस सबसे अच्छी पुलिस है और हमें उन पर गर्व है।”

पुलिस के मुताबिक राकांपा नेता के साथ उनके नौ समर्थकों को भी गिरफ्तार किया गया है। ठाणे के मुंब्रा-कलवा से विधायक आव्हाड ने ट्वीट किया कि उन्हें वर्तक नगर पुलिस थाने में दोपहर को बुलाया गया था और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गौरतलब है कि आव्हाड और उनके समर्थक सात नवंबर को एक मल्टीप्लेक्स में घुस गये तथा ‘हर हर महादेव’ के प्रदर्शन को रुकवा दिया। उनका आरोप था कि इस फिल्म ने छत्रपति शिवाजी महाराज के इतिहास को तोड़-मरोड़ कर पेश किया है। सिनेमा का प्रदर्शन जबरन रोकने का विरोध करने पर कुछ दर्शकों को पीटा भी गया।

इस घटना का एक वीडियो फुटेज सामने आया है। इस संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (हमला) और 504 (घटना के बाद शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) के तहत वर्तक नगर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। महाराष्ट्र की पूर्ववर्ती शिवसेना-कांग्रेस-राकांपा गठबंधन सरकार में आव्हाड आवास विभाग के मंत्री थे।