महाराष्ट्र

Published: Jan 01, 2022 08:59 AM IST

Maharashtra Corona Updatesमहाराष्ट्र में ओमीक्रोन का तांडव जारी, राज्य में जनवरी के तीसरे सप्ताह तक 2 लाख सक्रिय मामले पहुंचने की आशंका

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना (Maharashtra Corona Updates) का तांडव लगातार जारी है। कोविड से संक्रमित मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सूबे में पिछले 24 घंटे के भीतर कोरोना के आठ हजार 67 नए मामले दर्ज होने से चिंता बढ़ गई है।  जबकि ओमीक्रोन के चार नए केस भी मिले हैं। साथ ही आठ लोगों की जान भी वायरस की चपेट में आने से गई है।  सिर्फ मुंबई से ही 5631 नए केस सामने आने से सरकार की टेंशन बढ़ गई है। 

वहीं महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) डॉक्टर प्रदीप व्यास ने कहा कि जनवरी के तीसरे सप्ताह तक राज्य में दो लाख मामले पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि ओमीक्रोन के लक्षण हल्के होते हैं, इसलिए ये न समझें कि तीसरी लहर खतरनाक नहीं होगी। जिन लोगों ने वैक्सीन नहीं लगी है उनके लिए खतरा अधिक है। वैक्सीनेशन में तेजी लाने की जरूरत है। 

कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को अपने यहां विभिन्न जगहों पर 24×7 रैपिड एंटीजन टेस्ट बूथ लगाने का सुझाव दिया हुआ है। साथ ही कहा कि बुखार, गले में खराश, दस्त, सांस फूलने जैसी दिक्कत होने पर उनका कोविड टेस्ट किया जाए।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में ओमीक्रोन वेरिएंट का कम्युनिटी स्प्रेड हुआ है ऐसी आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि इसे लेकर किसी तरह का आधिकारिक बयान सामने नहीं है। राज्य में ओमीक्रोन के 450 से अधिक मामले सामने आए हैं। मुंबई की स्थिति यहां सबसे अधिक चिंताजनक है।