महाराष्ट्र

Published: Feb 01, 2023 12:15 PM IST

Bhiwandi Blastedमहाराष्ट्र: भिवंडी में काम पर सिगरेट जलाना पड़ा भारी, ब्लास्ट हुआ केमिकल ड्रम, दो की मौत

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Representative Image

महाराष्ट्र: हाल ही में आई खबर के मुताबिक, मुंबई के पास भिवंडी में धमाके की भयानक घटना हुई है। दरअसल खोनी में कबाड़ के गोदाम में केमिकल टैंक में विस्फोट हो गया। इस धमाके में दो लोगों की मौत हो गई है। इस घटना के बारे में बताया गया है कि शख्स ने सिगरेट पीते हुए केमिकल टैंक खोलने की कोशिश की और उसमें विस्फोट हो गया। जिसकी वजह से दो लोगों की मौत हो गई। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना भिवंडी शहर के तलवाली नाका के खोनी स्थित कबाड़ गोदाम में आज सुबह 8.30 बजे के बीच हुई। मृतकों की पहचान रमजान मोहम्मद जमील कुरैशी (45 वर्ष) और मोहम्मद इस्राइल शेख (38 वर्ष) के रूप में हुई है।

हमेशा की तरह कुरैशी और मोहम्मद शेख आने वाले स्क्रैप की जांच कर रहे थे और उन्हें अलग कर रहे थे। इसी दौरान केमिकल के कुछ ड्रम आ गए। जांच के दौरान केमिकल का ड्रम अचानक फट गया और दोनों दूर जा गिरे।

इस समय दोनों धूम्रपान कर रहे थे। मृतक के परिजनों ने बताया कि केमिकल गैस के संपर्क में आने से धमाका हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि दोनों के शरीर के चिथड़े उड़ गए। गोदाम को काफी नुकसान हुआ है। धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़ पड़े।

घटना की जानकारी मिलने पर भिवंडी दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। हैरानी वाली बात यह है कि इस रसायन से आग नहीं लगी लेकिन कुछ धुआं जरूर निकला। स्थानीय निजामपुरा पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया और दोनों शवों को सरकारी अस्पताल भिजवाया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।