महाराष्ट्र

Published: Apr 12, 2022 10:02 AM IST

Maharashtra Politics मेरा फोन किरीट सोमैया के 'राजनीतिक आकाओं' ने टैप किया था: संजय राउत का बड़ा दावा

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
संजय राउत (Photo Credits-ANI Twitter)

मुंबई: शिवसेना सांसद संजय राउत (Shiv Sena MP Sanjay Raut) ने सोमवार को भाजपा (BJP) पर निशाना साधते हुए दावा किया कि इसके नेता किरीट सोमैया (Kirit Somaiya)  के “राजनीतिक आकाओं” ने उनका फोन अवैध रूप से टैप किया, जो नहीं चाहते थे कि एमवीए की सरकार बने। हालांकि राउत ने उस सटीक अवधि का उल्लेख नहीं किया जब उनका फोन कथित रूप से टैप किया गया था। 

महा विकास अघाड़ी (एमवीए) में शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस शामिल हैं। इस गठबंधन ने 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद शिवसेना और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का गठबंधन टूटने के बाद आकार लिया था और राज्य में सरकार बनाई थी। राउत उन प्रमुख नेताओं में शामिल थे जिन्होंने एमवीए बनाने की पहल की थी। 

उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत में आरोप लगाया, “हमारे फोन किसने टैप किए? सोमैया के राजनीतिक आकाओं ने किए। जो लोग सोमैया जैसे लोगों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्होंने हमारे फोन टैप किए।” राउत ने आरोप लगाया कि फोन इसलिए टैप किए गए, ताकि एमवीए की सरकार न बन पाए।