महाराष्ट्र

Published: May 15, 2023 10:47 AM IST

Ahmednagar Violenceमहाराष्ट्र: अकोला के बाद अहमदनगर में भड़की हिंसा, जमकर हुआ पथराव, नागपुर में अलर्ट

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
PHOTO- ANI

अहमदनगर/अकोला: महाराष्ट्र (Maharashtra) में हिंसा फैली हुई है। यहां के अकोला जिले (Akola district) में हुई हिंसा के बाद अहमदनगर (Ahmednagar) में भी हिंसा की खबर है। यहां रविवार की रात में जमकर पथराव हुआ। वहीं नागपुर जिले में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। नागपुर जिले के संवेदनशील इलाकों में पुलिस पैनी नजर रख रही है। महाराष्ट्र के अकोला शहर में एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर दो समुदायों के बीच झड़प हो जाने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और दो पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हो गए थे। अब इसका असर अहमदनगर में भी देखने को मिला है।  

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने संवेदनशील ओल्ड सिटी इलाके में शनिवार को रात करीब साढ़े 11 बजे हुई झड़प के संबंध में अब तक 45 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे शहर में इंटरनेट सेवा को निलंबित करने के साथ ही विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं भी टाल दी गई हैं। अकोला की जिला मजिस्ट्रेट नीमा अरोड़ा ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के चार पुलिस थाना क्षेत्रों में आपराधिक दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू करने का आदेश दिया। 

बता दें कि अकोला में हिंसा की घटना सामने आने के बाद महाराष्ट्र के अहमदनगर में भी रविवार रात दो गुटों में जमकर पत्थरबाजी हुई, जिसमें पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। शेवगांव कस्बे में छत्रपति संभाजी महाराज की जयंती के अवसर पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान पथराव की यह घटना हुई, जिसके बाद भीड़ ने दुकानों और वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्च की। अहमदनगर के इस हिंसक झड़प में चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।