महाराष्ट्र

Published: Jan 02, 2022 06:39 PM IST

Electric Vehiclesपर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे का बड़ा ऐलान, राज्य के सभी सरकारी वाहन होंगे इलेक्ट्रिक

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File

मुंबई: महाराष्ट्र (Maharashtra) के पर्यावरण मंत्री आदित्य ठाकरे (Aaditya Thackeray) ने नए साल की शुरुआत में एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि, पेट्रोल-डीजल (Petrol-Diesel) से चलने वाले वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए राज्य के सभी सरकारी वाहन इलेक्ट्रिक (Electric)  होंगे। उन्होंने इस बाद की जानकारी उनके आधिकारिक ट्विटर पर दी। 

उन्होंने कहा कि, पेट्रोल-डीजल से चलने वाले वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने 1 अप्रैल 2022 के बजाय 1 जनवरी 2022 से सभी सरकारी विभागों के लिए केवल इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने या किराए पर लेने के निर्णय को लागू करने का निर्णय लिया है।   

आदित्य ठाकरे ने कहा, ‘पर्यावरण मंत्रालय वैश्विक जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए उपाययोजना कर रहा है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, उपमुख्यमंत्री अजीत पवार और राजस्व मंत्री बालासाहेब थोराट ने पर्यावरण मंत्रालय की वैश्विक जलवायु परिवर्तन नीति का समर्थन किया। मैं इसके लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं।’

ईवी वाहनों के लिए सरकार के प्रयास

उल्लेखनीय है कि, पिछले कुछ वर्षों में पेट्रोल-डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण में काफी बढ़ गया है। जिस पर रोक लगाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें महत्वपुर्ण फैसले ले रही  है। वहीं प्रदूषण को रोकने के लिए पिछले कुछ वर्षों से इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल पर भी जोर दिया जा रहा है।

दूसरी तरफ लोग भी इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीदारी कर रहे है। जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों  के बाजार में भी उछाल नजर आ रहा है। बता दें कि, कई कंपनियों में इलेक्ट्रिक वाहनों को बनाने में रूचि दिखा रहे है। 

महाराष्ट्र सरकार ने बढ़ा दी सबसिडी योजना 

उल्लेखनीय है कि, महाराष्ट्र सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद के लिए सब्सिडी योजना को बढ़ा दिया है। 2021 इलेक्ट्रिक कार पॉलिसी के मुताबिक 31 दिसंबर 2021 तक सब्सिडी दी जानी थी, हालांकि अब इसे 31 मार्च, 2022 तक बढ़ा दिया गया है। अब राज्य सरकार इलेक्ट्रिक कारों की खरीद पर 1 लाख रुपये तक की सब्सिडी देगी। 

इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में क्रांति

 ज्ञात हो कि, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी कुछ दिन पहले इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि देश में जल्द ही इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में क्रांति होगी।