मुंबई

Published: Jul 21, 2022 03:01 PM IST

Aarey Metro Car Shedआरे में मेट्रो कार शेड निर्माण का रास्ता साफ, CM एकनाथ शिंदे ने निर्माण कार्य पर लगे बैन को हटाया

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) ने आरे (Aarey) इलाके में मेट्रो कार शेड (Metro Car Shed) के निर्माण पर लगे प्रतिबंध (Ban) को हटा दिया है। शिंदे ने  इस निर्णय से पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को झटका दिया है। निर्माण कार्य पर प्रतिबंध हटने से आरे में मेट्रो कार शेड का रास्ता साफ  हो गया है। हालांकि कार शेड निर्माण का विरोध करने वाले इस निर्णय से और अधिक आक्रामक हो सकते हैं। इसको लेकर सरकार की तरफ से रणनीति तैयार की जा रही है।

राज्य में नई सरकार गठित होने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आरे में मेट्रो -3 का कार शेड निर्माण का ऐलान किया था। देवेंद्र फडणवीस जब राज्य के मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने आरे में कार शेड निर्माण के लिए सभी जरुरी मंजूरी ले लिए थे। परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए  फडणवीस सरकार के समय कार शेड के निर्माण में  बाधा बनने वाले पेड़ों को रातों-रात  काट दिए गए थे, लेकिन राज्य में  उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में महाविकास आघाड़ी सरकार बनने के बाद आरे में मेट्रो कार शेड का काम रोक दिया गया था। आरे की बजाय वैकल्पिक जगह की तलाश शुरू की गयी थी। कांजुर मार्ग इलाके में जमीन का चयन हुआ था, लेकिन वह भी विवादों में फंसा है।

जल्द शुरू हो सकता है निर्माण कार्य 

 मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के इस फैसले से आरे इलाके में ही कार शेड का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सकता है। शिंदे-फडणवीस सरकार ने एक बार फिर से वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अश्विनी भिड़े को मेट्रो-3 परियोजना का काम सौंप दिया है। आरे में कार शेड का बहुत काम हो चुका है। कोई नया विवाद शुरु होने के पहले राज्य सरकार आरे में मेट्रो कारशेड का काम जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश करेगी।