मुंबई

Published: Jul 26, 2022 09:30 PM IST

Satyagraha Protestसोनिया गांधी के समर्थन में कांग्रेस का सत्याग्रह आंदोलन

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) से प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूछताछ के खिलाफ मंगलवार को मुंबई कांग्रेस (Mumbai Congress) और महाराष्ट्र कांग्रेस (Maharashtra Congress) के नेताओं ने सत्याग्रह आंदोलन (Satyagraha Protest) किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप की अगुवाई में नेताओं ने मंत्रालय के नजदीक महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। 

इस मौके पर पटोले ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने विपक्ष को खत्म करने की राजनीति शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी को झूठे केस में फंसाने की साजिश हो रही है।

साजिश के तहत गांधी परिवार को निशाना बनाया जा रहा

पटोले ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में कोई घोटाला नहीं होने के बावजूद एक साजिश के तहत गांधी परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस के प्रदर्शन में पूर्व राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, पूर्व मंत्री वर्षा गायकवाड़, महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान, मुंबई युवा कांग्रेस अध्यक्ष जीशान सिद्दीकी, मुंबई कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष चरणजीत सिंह सप्रा समेत कई नेता मौजूद रहे। मुंबई में शांतिपूर्ण सत्याग्रह करते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया और बाद में पुलिस ने रिहा कर दिया।

नागपुर में कार फूंका

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईडी पूछताछ के विरोध में नागपुर में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक कार को फूंक दिया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर के संविधान चौक पर ‘सत्याग्रह’ नाम से धरना प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जीपीओ चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और एक कार में आग लगा दी।

ईडी गलत और अलोकतांत्रिक कार्य कर रही 

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विलास मुत्तेमवार ने कहा कि ईडी गलत और अलोकतांत्रिक कार्य कर रही है। यह जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर विपक्ष को देश से खत्म करने की साजिश है। कांग्रेस की नागपुर इकाई के अध्यक्ष और विधायक विकास ठाकरे और पार्टी की महाराष्ट्र इकाई के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख विशाल मुत्तेमवार ने कहा कि जिस तरह से सरकार विपक्ष को खत्म करने की कोशिश कर रही है, वैसी कोशिश पहले कभी नहीं हुई थी।