मुंबई

Published: Sep 29, 2022 09:59 PM IST

Diwali Bonus BMC और बेस्ट कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर, मिलेगा 22,500 बोनस, CM एकनाथ शिंदे ने की घोषणा

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
कंटेन्ट एडिटरनवभारत.कॉम

मुंबई: मुंबई महानगरपालिका (BMC ) और बेस्ट (BEST ) उपक्रम के कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है।  चुनावी वर्ष में 22 हजार 500 रुपए बोनस (Bonus) दिए जाने की घोषणा मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) ने की है।  इसका लाभ अनुदानित स्कूलों के शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को भी मिलेगा।  बीएमसी कर्मचारियों को बोनस देने के संदर्भ में सह्याद्री अतिथि गृह में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक हुई।  जिसमें 22,500 रुपए सानुग्रह अनुदान देने का निर्णय लिया गया।  इसका फायदा बीएमसी के 93 हजार, बेस्ट के 29 हजार कर्मचारियों के अलावा शिक्षकों और स्वास्थ्य सेविकाओं को भी मिलेगा। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि कोविड की विकट परिस्थितियों में मुंबई महानगरपालिका के कर्मचारियों ने अच्छा काम किया है।  उन्होंने कहा कि निधि विकास कार्यों पर खर्च की जानी चाहिए साथ ही अच्छा काम करने वालों को प्रोत्साहन भी दिया जाना चाहिए।

मुंबई के लिए अच्छा काम करें

 मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि उत्साह के साथ दिवाली मनाएं, लेकिन मुंबई के लिए अच्छा काम करें।  बैठक में सांसद  राहुल शेवाले, मुंबई महानगरपालिका कमिश्नर और प्रशासक डॉ.  आई.  एस.  चहल, अतिरिक्त आयुक्त अश्र्विनी भिडे, पूर्व विधायक किरण पावसकर,  महानगरपालिका  में विभिन्न कर्मचारी संघटनों के पदाधिकारियों के साथ ही मनसे नेता संदीप देशपांडे, शशांक राव, संतोष धुरी, उत्तम गाडे, अशोक जाधव सहित अन्य लोग मौजूद थे।