मुंबई

Published: Oct 07, 2022 08:09 PM IST

Mumbai Rain Updatesमुंबई में जोरदार बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई: चीन में आए सुपर टाइफून नोरु का असर महाराष्ट्र (Maharashtra) सहित देश के 19 राज्यों में पड़ा है। इस तूफान के कारण बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मुंबई (Mumbai) सहित आस पास के क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट (Red Alert) जारी किया है।

मुंबई आईएमडी के अनुसार, अगले चार दिनों तक आसमान में घनें बादलों के कारण कई स्थानों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। मुंबई और आसपास के परिसर में शुक्रवार शाम से जोरदार बारिश हो रही है। इससे ऑफिस से घर जाने वाले कामकाजी लोगों को तकलीफ हुई। मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई, ठाणे, रायगड, पालघर जिले में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। यह सिलसिला अगले दो दिन तक जारी रह सकता है।

 कई स्थानों पर पानी भरा

8 अक्टूबर को मानसून वापसी का समय रहता है, लेकिन मानसून वापसी पहले बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र तैयार होने से वापसी का समय बदल सकता है। इस कारण से मुंबई में जोरदार बरसात देखने को मिल रही है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले पांच दिन बाद मानूसन की वापसी के संकेत मिल सकते हैं। बारिश के कारण मुंबई कई स्थानों पर पानी भर गया। इसका असर ट्रैफिक सहित लोकल ट्रेनों पर पड़ा। लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं। खबर लिखे जाने तक कुलाबा में 24.4 मिमी, और सांताक्रूज में 32.6 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। बारिश के कारण मुंबई शहर में 4 जगहों पर शार्ट सर्किट की घटना हुई और एक घर का कुछ हिस्सा गिर गया। हालांकि इस घटना में किसी के जानमाल का नुकसान होने की कोई खबर नहीं है।