मुंबई

Published: May 01, 2022 05:54 PM IST

Mumbai Local Train लोकल फर्स्ट क्लास का भी घटा किराया, सीआरबी ने दी जानकारी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File

मुंबई : मुंबई (Mumbai) की एसी लोकल (AC Local) के साथ साधारण लोकल (Ordinary Local) के फर्स्ट क्लास डिब्बे (First Class Coaches) में यात्रा करने यात्रियों (Passengers) को भी किराए (Fares) में छूट मिलने वाली है। एसी लोकल के साथ अब आम लोकल के फर्स्ट क्लास के सिंगल जर्नी किराए में 40 प्रतिशत (40 Percent) तक की कमी का निर्णय लिया गया है। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष वी.के.त्रिपाठी (Railway Board Chairman V.K Tripathi) ने कहा कि एसी और फर्स्ट क्लास सिंगल जर्नी के किराए में की गई कमी 5 मई से लागू हो जाएगी। 

रविवार को मुंबई सेंट्रल स्थित डीआरएम कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए रेलवे बोर्ड के सीईओ वी.के.त्रिपाठी ने कहा कि मुंबई सहित पूरे देश में रेल यात्री सेवाओं में निरंतर सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल सेवाओं में और सुधार होगा। जून महीने तक मुंबई को 2 और एसी लोकल मिल जाएगी। फिलहाल मध्य और पश्चिम रेलवे के पास 5-5 एसी रेक हैं। इस दौरान मध्य और पश्चिम रेलवे के जीएम अनिल कुमार लाहोटी (Central and Western Railway G.M Anil Kumar Lahoti), डीआरएम (DRM)और अन्य वरिष्ठ अधिकारी (Senior Officer) उपस्थित थे। 

वंदे भारत की पहली रेक जुलाई तक

मुंबई के दो दिवसीय समीक्षा दौरे पर आए रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष त्रिपाठी ने बताया कि देश में अत्याधुनिक वंदे भारत ट्रेनें (Vande Bharat Train) जल्द ही चलने लगेंगी। वंदे भारत का पहला रेक जुलाई तक रेलवे को मिल जाएगा। सीईओ त्रिपाठी ने कहा कि इस साल के अंत तक 75 वंदे भारत ट्रेनें यात्रियों की सेवा में होंगी। ये ट्रेनें मुंबई, दिल्ली, लखनऊ समेत देश के प्रमुख शहरों से चलाई जाएंगी। 

एमआरवीसी को लेकर राज्य सरकार से चर्चा

मुंबई रेल विकास कॉर्पोरेशन की खस्ता हालत को लेकर सवाल पर रेलवे बोर्ड के सीईओ ने कहा कि राज्य सरकार से चर्चा हो रही है। उन्हें अपने हिस्से का 750 करोड़ रुपए देने होंगे ताकि मुंबई में रेल यात्रियों की सुविधाओं को लेकर जारी परियोजनाओं को गति मिल सके। त्रिपाठी ने कहा कि एमआरवीसी को लेकर महाराष्ट्र सरकार से बात की जा रही है। 

बुलेट ट्रेन के लिए जमीन अधिग्रहण शुरू

महाराष्ट्र में पीएम मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का काम शुरू न हो पाने को लेकर सवाल पर वी.के.त्रिपाठी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में महाराष्ट्र में बुलेट ट्रेन के लिए जमीन अधिग्रहण का काम तेज हुआ है। त्रिपाठी ने कहा कि राज्य में जल्द ही बुलेट ट्रेन का काम दिखने लगेगा। 

नहीं कम होगा सीजन पास किराया 

रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि एसी और फर्स्ट क्लास सीजन पास के किराए में कोई कमी नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सीजन पास का किराया पहले से ही काफी कम है। इसे और कम किया तो रेलवे की हालत श्रीलंका जैसी हो जाएगी। उल्लेखनीय है, कि एसी लोकल में अब सिंगल जर्नी 1 से 10 किमी तक न्यूनतम किराया 35 रुपए और 65 किमी तक अधिकतम 115 रुपया होगा। इसके अलावा एक महीने का सीजन पास 620 रुपए से 2,220 रुपए का होगा। फर्स्ट क्लास सिंगल जर्नी किराया भी लगभग आधा हो गया है।10 किमी के लिए न्यूनतम 25 रुपए एवं 65 किमी तक की दूरी के लिए 105 रुपए किराया लिया जाएगा। फर्स्ट क्लास के सीजन पास में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके पहले फर्स्ट क्लास की तुलना में एसी लोकल का सिंगल जर्नी किराया लगभग 110 प्रतिशत ज्यादा था। हालांकि एसी और फर्स्ट क्लास के सीजन पास में अब भी 110 प्रतिशत का अंतर होगा।