मुंबई

Published: May 23, 2022 09:22 PM IST

Maharashtra Congressशिर्डी में महाराष्ट्र कांग्रेस का शिविर, उदयपुर घोषणा पत्र राज्य में होगा लागू

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
कंटेन्ट एडिटरनवभारत.कॉम

मुंबई: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उदयपुर नव संकल्प शिविर की तर्ज पर महाराष्ट्र कांग्रेस (Maharashtra Congress) का भी दो दिवसीय राज्य स्तरीय शिविर शिर्डी में आयोजित की जा रही है। यह शिविर एक और दो जून को आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में राज्य के सभी मंत्री, जिलाध्यक्ष और प्रमुख पदाधिकारी भाग लेंगे। इस बात की घोषणा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एच. के. पाटिल (H.K. Patil) ने की है। उन्होंने कहा कि शिर्डी में आयोजित होने वाले शिविर के माध्यम से उदयपुर (Udaipur) नवसंकल्प शिविर में लिए गए फैसलों और मुद्दों से पार्टी के अंतिम कार्यकर्ताओं को अवगत कराया जाएगा। उदयपुर के चिंतन शिविर (Chintan Camp) में एक व्यक्ति, एक पद की व्यवस्था पर फैसला लिया गया है। ऐसे में यह फैसला महाराष्ट्र में भी लागू होगा।  

दादर स्थित तिलक भवन में सोमवार को पार्टी प्रभारी एच. के. पाटिल, पार्टी के राज्य चुनाव पदाधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री पल्लम राजू और प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की अध्यक्षता में महाराष्ट्र कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी समिति की बैठक संपन्न हुई।  इस बैठक में राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात, लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण, पूर्व मुख्यमंत्री सुशील कुमार शिंदे, पृथ्वीराज चव्हाण, महिला एवं बाल कल्याण मंत्री यशोमती ठाकुर, मत्स्य संरक्षण मंत्री असलम शेख, आदिवासी विकास मंत्री के.सी. पड़वी, राज्य मंत्री सतेज उर्फ बंटी पाटिल, डॉ. विश्वजीत कदम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे, महिला प्रदेश अध्यक्ष संध्याताई सव्वालाखे, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और सह प्रभारी आशीष दुआ, सोनल पटेल, संपत कुमार, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान, शिवाजीराव मोघे, चंद्रकांत हंडोरे, बसवराज पाटिल, प्रणीति शिंदे, कुणाल पाटिल, प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व सांसद हुसैन दलवई, मुंबई कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष संजय निरुपम और मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे समेत कई नेता मौजूद रहे।

 9 से 14 जून तक जिला- स्तरीय शिविरों का आयोजन 

शिर्डी शिविर के बाद 9 से 14 जून तक जिला- स्तरीय शिविरों का आयोजन किया जाएगा। स्वतंत्रता की अमृत वर्षगांठ के अवसर पर 9 से 15 अगस्त तक सभी जिलों में 75 किलोमीटर की ‘आजादी गौरव पदयात्रा’ का आयोजन किया जाएगा।