नासिक

Published: May 25, 2023 07:57 PM IST

Samridhi Expresswayशिर्डी में बोले मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, कहा- समृद्धि एक्सप्रेस-वे के दूसरे चरण से होगा उत्तर महाराष्ट्र का विकास

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

शिर्डी: राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल (Radhakrishna Vikhe Patil) ने कहा कि महाराष्ट्र (Maharashtra) को समृद्ध करने वाले हिंदू हृदय सम्राट महाराष्ट्र समृद्धि एक्सप्रेस-वे के शिर्डी (Shirdi) से भरवीर तक 80 किलोमीटर लंबा दूसरा चरण (Second Phase) उत्तर महाराष्ट्र के विकास का मानबिंदु बनेगा। पश्चिम और उत्तर महाराष्ट्र (North Maharashtra) सहित मराठवाड़ा और विदर्भ को जोड़ने वाला यह एक्सप्रेस-वे विकास का स्वर्ण त्रिकोण बनेगा। वे शुक्रवार को होने वाले समृद्धि एक्सप्रेस-वे के दूसरे चरण के उद्घाटन समारोह को लेकर पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि समृद्धि एक्सप्रेस-वे के नागपुर से शिर्डी इस पहले चरण का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों हुआ। इसके बाद समय की बचत और यात्रा सुखद हुई। अब एक्सप्रेस-वे के दूसरे चरण का लोकार्पण मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों हो रहा है। अहमदनगर जिले के विकास की दृष्टि से यह ऐतिहासिक घटना है। समृद्धि एक्सप्रेस-वे का कार्य तेज रफ्तार से हो रहा है। इस एक्सप्रेस-वे से जिले के विकास को बढ़ावा मिलेगा। कृषि उद्योग सहित अन्य व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलने से रोजगार के अवसर पर उपलब्ध होंगे। आगामी दिनों में इस परिसर में लॉजिस्टिक पार्क, आईटी पार्क और खेती पूरक उद्योग के लिए निर्णय लिया जाएगा।

उद्घाटन स्थल का लिया जायजा

सांसद डॉ. सुजय विखे पाटिल ने अधिकारियों के साथ उद्घाटन स्थल का दौरा कर लोकार्पण कार्यक्रम के नियोजन का जायजा लेकर सूचनाएं दीं। इस समय बीजेपी के जिला अध्यक्ष राजेंद्र गोंदकर सहित सड़क विकास और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।