नाशिक

Published: Jun 28, 2021 09:08 PM IST

Igatpuri Rave Party‘हवाईन थीम’ पर 3 दिन चलने वाली थी पार्टी, अभिनेत्री हिना और अन्य 11 महिलाओं को एक दिन की पुलिस हिरासत

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नाशिक. बॉलीवुड के 2 कोरियोग्राफर और अभिनेत्रियों के साथ 22 लोग इगतपुरी के 2 आलीशान बंगलों में 3 दिन के लिए आए हुए थे। इन हाई प्रोफाइल (High Profile) नशेबाजों के समूह ने हवाईन थीम (Hawaiian Theme) पर 3 दिन की रेव पार्टी (Rave Party) का आयोजन किया था। यह खुलासा 28 जून को हुआ। अभिनेत्री हिना पांचाल (Heena Panchal) के साथ अन्य 11 महिला और 6 पुरुषों को एक दिन और अन्य 4 पुरुषों को 9 दिन की पुलिस कस्टडी (Police Custody) में रखा गया है। 

इगतपुरी-मुंबई के करीब का इलाका है। कसारा घाट चढ़ते ही इगतपुरी का पहाड़ी क्षेत्र शुरू हो जाता है। यहां स्थित स्काई ताज विला, स्काई लगून विला नामक निजी बंगलों में संदिग्ध पियूष सेठी की वर्षगांठ के अवसर पर 5/10 नहीं पूरे 22 लोग जमा हुए थे। शुक्रवार की रात से यह रेव पार्टी शुरू हुई थी। यह पार्टी साधारण नहीं थी। पूरा प्लान हवाईन पार्टी की तरह की बनाया गया था। ऐसी जानकारी पुलिस ने दी। 

पुलिस अधीक्षक शर्मिष्ठा को मिली थी गुप्त सूचना

नाशिक ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक शर्मिष्ठा वालावलकर को इसकी गुप्त सूचना मिली और उन्होंने इस बारे में पुलिस अधीक्षक सचिन पाटिल को बताया और उनके मार्गदर्शन में सादे पोशाक में शनिवार की मध्यरात्रि बंगले पर छापा मारकर हाई प्रोफाइल पार्टी को भंग कर दिया। यहां से 22 संदिग्धों को पुलिस ने हिरासत में लिया और उनके पास से नशीले पदार्थ जब्त किए गए। इगतपुरी पुलिस थाने में गुनाह दर्ज किया गया है। सभी संदिग्धों की मेडिकल जांच इगतपुरी में की गई। उनके खून के नमूने भी लिए गए। सोमवार को 22 लोगों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायालय में उन्हें पुलिस कस्टडी में रखने का आदेश दिया।

एक दिन में पी सवा लाख की शराब 

बताया जा रहा है कि सभी संदिग्धों ने मिलकर एक दिन में सवा लाख की शराब पी थी। घटनास्थल पर पाई गई खाली बोतलों से इस बात का खुलासा हुआ है। साथ ही उतनी ही कीमत की सीलबंद शराब भी पुलिस को मिली है। इसके अलावा ड्रग्स में कोकीन, चरस, गांजा जैसे नशीले पदार्थ भी पुलिस के हाथ लगे हैं। इस घटना से बॉलीवुड का ड्रग्ज कनेक्शन एक बार फिर सामने आया है।