महाराष्ट्र

Published: Feb 25, 2024 07:40 PM IST

Maharashtra Weather Updateविदर्भ और मराठवाड़ा में फिर बेमौसम बारिश की संभावना, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Photo

नागपुर. महाराष्ट्र (Maharashtra) में जोर पकड़ती गर्मी के बीच भारतीय मौसम विज्ञान (IMD) ने विदर्भ (Vidarbha) और मराठवाड़ा (Marathwada) में फिर से बेमौसम बारिश (Unseasonal Rain) की संभावना जताई है। IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार विदर्भ और मराठवाड़ा में अगले दो दिन बिजली और गरज के साथ बारिश हो सकती है। जबकि, कई इलाकों में चक्रवाती हवाएं भी चल सकती है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ भी जारी किया है।

महाराष्ट्र में तेजी से गर्मी बढ़ रही है। हालांकि, बीते कुछ दिनों से तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। जिसके चलते रात के समय ठंडी हवा और हलकी ठंड भी महसूस की जा रही है। जबकि, दोपहर में तेज धूप से गर्मी भी हो रही है। इसी बीच अब बेमौसम बारिश की संभावना है। विदर्भ और मराठवाड़ा में आगमी दो दिन यानी 26 और 27 फरवरी को चक्रवाती हवाओं के साथ-साथ हलकी से मध्यम बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने रविवार को राज्य में कुछ स्थानों पर बिजली और गरज की भी संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक मराठवाड़ा और आसपास के इलाके में चक्रवाती हवा की स्थिति बनी हुई है। जिसके चलते पूर्वी मराठवाड़ा और विदर्भ में बारिश की संभावना है।

मराठवाड़ा में 26 और 27 फरवरी को तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मराठवाड़ा के हिंगोली और नांदेड़ जिले में बारिश की संभावना है। वहीं, विदर्भ के बुलढाणा, अकोला, अमरावती, वाशिम, यवतमाल, वर्धा, नागपुर, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर, गड़चिरोली जिलों में भी बारिश हो सकती है।

मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार को पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की भी भविष्यवाणी की है।