पुणे

Published: Feb 04, 2022 06:23 PM IST

Pune Crimeप्रेमिका से झगडे के बाद पांच वर्ष के बेटे का अपहरण, आरोपी को पुलिस ने तीन घंटे में किया अरेस्ट

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

पुणे: प्रेमिका से झगडे के बाद उसके पांच वर्ष के बेटे का अपहरण करने वाले प्रेमी का पुलिस ने महज तीन घंटे में पता लगा लिया और बच्चे को मुक्त कराकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में स्वप्निल रमेश शिंदे (27) को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस मामले में बिबवेवाडी की 30 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई है।

महिला अपने पांच वर्ष के बेटे के साथ बिबवेवाडी में रहती है। वह एक मॉल में नौकरी करती है। वह तलाकशुदा है। आठ महीने पहले उसकी स्वप्निल से पहचान हुई थी। दोनों में प्रेम होने के बाद से स्वप्निल महिला के साथ उसके घर में रहता था, लेकिन वह महिला के साथ मारपीट करता था। दोनों के बीच 31 जनवरी को झगड़ा हुआ था। इसलिए महिला बेटे के साथ भाई के घर में रहने चली गई थी। 

फोन पर दी महिला को धमकी

महिला दो फरवरी को हमेशा की तरह काम पर गई थी। उसने महिला को फोन कर उसके साथ गाली-गलौज की और धमकी दी कि तुम्हें और तुम्हारे बेटे को मार डालूंगा। शाम पौने आठ बजे महिला के भाई ने बहन को फोन किया  और बताया कि स्वप्निल तुम्हारे बेटे को बाइक पर घुमाने ले गया है, लेकिन अब तक वापस नहीं आया है। इसके बाद महिला ने घर पहुंचने के बाद बिबवेवाडी पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसे ढूंढना शुरू किया। 

40 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए

डीसीपी नम्रता पाटिल ने खुद घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की शुरुआत की गई। करीब 40 सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। कुछ टीम उसके घर पहुंची, जबकि कुछ लोग उसके संपर्क वाले लोगों से पूछताछ शुरू की। इस बीच आरोपी कोंढवा परिसर के एक रिक्शा में बच्चे के साथ नजर आया। उसे कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि महिला के साथ विवाद के बाद उसने बच्चे का अपहरण किया था।