पुणे

Published: May 27, 2022 03:55 PM IST

Pune Newsपुणे के शिरूर में तेंदुए का रेस्क्यू, पिछले हफ्ते 3 साल के बच्चे पर किया था हमला

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Representative Pic

पुणे: वन विभाग (Forest Department) ने शिरूर तालुका (Shirur Taluka) के वढ़ू बुद्रुक गांव में एक तेंदुए (Leopard) को बचाया है, जिसके बारे में माना जाता है कि पिछले हफ्ते उसने 3 साल के एक लड़के पर हमला किया और उसे घायल कर दिया।  

मिली जानकारी के मुताबिक, 20 मई को वढ़ू बुद्रुक के किसान नितिन शिवले का बेटा वरद, रात में लगभग 8 बजे वह अपने घर के सामने खुले मैदान में खेल रहा था। उसी समय एक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया जिससे वह घायल हो गया। वन अधिकारियों के मुताबिक, किसान शिवले के ठीक बगल में गन्ने का खेत है जहां तेंदुआ छिपा हुआ होगा।

 अस्पताल में इलाज जारी

गन्ने की खेत से निकले तेंदुए ने वरद पर हमला किया।  परिवार के सदस्यों और पड़ोसियों के शोर मचाने से पहले तेंदुए ने वरद को कुछ दूर तक घसीटा।  अधिकारियों को संदेह है कि तेंदुआ मैदान के बगल में बने शेड में मवेशियों को निशाना बनाने आया होगा। वरद के सीने और गर्दन में चोटें आईं और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक वरद की हालत में सुधार हो रहा है।