पुणे

Published: May 26, 2023 05:27 PM IST

Maharashtra Politicsशिंदे सरकार में पुणे से इन नेताओं को मिल सकता है मंत्री पद, यहां पढ़ें डिटेल्स

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

पुणे: राज्य की शिंदे सरकार (Shinde Govt.) का जल्द ही कैबिनेट विस्तार (Cabinet Expansion) होने की संभावना जताई जा रही है। मंत्रिमंडल विस्तार में मौका पाने के लिए कई दिग्गजों द्वारा प्रयास जारी हैं। राज्य के कैबिनेट विस्तार में पुणे जिले (Pune District) के तीन लोगों का नाम चर्चा में है। इसमें पुणे जिले को एक कैबिनेट और एक राज्यमंत्री पद मिलने की संभावना है। इसमें मंत्री पद के लिए माधुरी मिसाल (Madhuri Misal),  राहुल कुल (Rahul Kul) और महेश लांडगे (Mahesh Landge) इन तीन नामों पर चर्चा शुरू हैं।

आगामी चुनावों को देखते हुए मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना जताई जा रही हैं। मई के अंतिम दिनों में विस्तार की संभावना है। इस मंत्रिमंडल विस्तार में पुणे जिले के दौंड से बीजेपी विधायक राहुल कुल के नाम की चर्चा है। शहरी और ग्रामीण संतुलन को बनाए रखने के लिए कुल का नाम विस्तार में पक्का माना जा रहा है। हाल ही में राहुल कुल उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मिल चुके है। उन्हें देवेंद्र फडणवीस का काफी करीबी माना जाता है।

महिला मंत्री के तौर पर माधुरी मिसाल का नाम आगे

पुणे शहर के पर्वती विधानसभा क्षेत्र से लगातार तीन बार चुनाव जीतने वाली विधायक माधुरी मिसाल को कैबिनेट विस्तार में मंत्री पद मिलने की संभावना है। पुणे जिले की पहली महिला मंत्री के तौर पर उनका नाम विस्तार में लिया जा रहा है। शिंदे-फड़णवीस सरकार में एक भी महिला मंत्री शामिल नहीं है, इसलिए पुणे से एकमात्र महिला विधायक माधुरी मिसाल के नाम पर चर्चा हो रही है। उन्हें पुणे में बीजेपी के वजनदार नेतृत्व के रूप में जाना जाता है। 

विधायक महेश लांडगे का नाम भी चर्चा में 

इसके साथ ही भोसरी से विधायक महेश लांडगे का नाम भी चर्चा में है। पिछले कुछ महीनों से पिंपरी-चिंचवड़ में भी कम से कम एक नेता को मंत्री पद दिलाने की मांग की जा रही है। इसमें महेश लांडगे का नाम चर्चा में है। पिंपरी-चिंचवड़ में लक्ष्मण जगताप के निधन के बाद लांडगे को मौका देकर पार्टी को नई ताकत देने की कोशिश की जा सकती हैं।