ठाणे

Published: Jun 15, 2022 09:48 PM IST

Thane Corona Updatesठाणे जिले में कोरोना का कहर, 852 नए मरीज

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
कंटेन्ट एडिटरनवभारत.कॉम
File Photo

ठाणे : जून महीने की शुरूआत से ही जिले में कोरोना से संक्रमितों (Corona Infected) की संख्या में तेजी से इजाफा देखा जा रहा है। फिर इसका ग्राफ बढ़ा नजर आया और पिछले 24 घंटे में 852 नए केस सामने आए है। वहीं ठाणे जिले में अब तक इस वैश्विक महामारी (Global Pandemic) के चपेट में 7 लाख 16 हजार 157 लोग आ चुके है। जिले के नवी मुंबई और ठाणे में अभी 300 के ऊपर कोरोना के मरीज मिल रहे है। साथ ही अब अंबरनाथ नगर पालिका को छोड़ दिया जाए तो जिले के कल्याण-डोंबिवली, मीरा-भायंदर, उल्हासनगर और बदलापुर नगर पालिका और ठाणे ग्रामीण क्षेत्र में मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है। 

बहरहाल जिले में 24 घंटे के भीतर 852 नए मरीज पाए गए है। हालांकि किसी भी मरीज की इलाज के दौरान मौत दर्ज नहीं की गई। ऐसे में प्रतिदिन मिल रहे नए कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने से जिला प्रशासन की चिंता बढ़ता नजर आ रहा है। बहरहाल जिले में एक्टिव मरीजों का आकड़ा 3453 तक जा पहुंचा है।  वहीं मृतकों की कुल संख्या 11,896 पर स्थिर हो गई है। साथ ही अब तक इस बीमारी से 6,99,767 लोग ठीक होकर अपने घर पहुँच चुके है। 

ठाणे में कोरोना के नए बीए 5 वेरिएंट के दो मरीज

ठाणे में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है वहीं शहर में कोरोना के नए बीए 5 वेरिएंट (BA 5 Variant) के दो मरीज मिले हैं। ये 25 वर्षीय और 32 वर्षीय पुरुष हैं। दोनों 28 मई से 30 मई के बीच संक्रमित हुए थे। दोनों घर में क्वारंटीन थे और ठीक हुए हैं। महानगरपालिका इनके संपर्क में रहे लोगों की खोज कर रही है। एहतियात के तौर उक्त मरीज के घर के आसपास सर्वे कर वहां रहने वालों का टेस्ट महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग द्वारा किया जायेगा।  शहर में 323 नए मरीज मिले और 136 मरीज ठीक हुए। वर्तमान में एक्टिव मरीजों की कुल संख्या 1603 है। इनमें से 55 का इलाज कोविड सेंटर में चल रहा है। 29 लोगों में हल्के लक्षण हैं। एक मरीज आईसीयू में है और चार ऑक्सीजन पर हैं। 1 हजार 327 मरीजों का घर पर इलाज चल रहा है। कोरोना संक्रमण के बाद से अभी तक कुल 1 लाख 82 हजार 841 मरीज ठीक हुए हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या 2131 है। 

नवी मुंबई और ठाणे में 300 के पार मिले नए मरीज    

नवी मुंबई महानगरपालिका की सीमा में एक बार फिर 303 कोरोना के मरीज मिले है। जबकि इस बीमारी से अब तक कुल 1,54,019 मरीज संक्रमित हो चुके है और 2049 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहाँ पर एक्टिव मरीजों की संख्या 1311 है और ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 1,50,356 है। जिला प्रशासन की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र में पिछले चार दिनों से अधिक मरीज मिल रहे है। ठाणे में 323 नए कोरोना पॉजिटिव मिले है। यहां पर कुल संक्रमितों की संख्या 1,86,575 हो गई है। यहाँ पर अब तक कुल 2131 मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि एक्टिव मरीजों की संख्या 1416 है और ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 1,82,705 है। 

केडीएमसी और मीरा-मीरा-भायंदर महानगरपालिका में शतक के करीब मरीज 

कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका क्षेत्र में 79 नए मरीजों के साथ एक्टिव मरीजों की संख्या 306 है। जबकि मीरा-भायंदर क्षेत्र में 89 नए मरीज मिले है। यहाँ पर एक्टिव मरीज की संख्या 201 है। हालांकि, भिवंडी महानगरपालिका क्षेत्र में 03 और ठाणे ग्रामीण क्षेत्र में 36 नए कोरोना के केस दर्ज किये गए है। इन जगहों पर एक्टिव मरीजों की संख्या क्रमशः 12,114 है। वहीं उल्हासनगर महानगरपालिका में 10 नए मरीज के साथ एक्टिव मरीजों की संख्या 43 पर पहुंच गई है। साथ ही बदलापुर नगर पालिका क्षेत्र में 09 नया मरीज मिला है और 51 एक्टिव मरीज है। जबकि अंबरनाथ नगर पालिका क्षेत्र में एक भी नया मरीज नहीं मिला है। जोकि वहां के लिए राहत की बात मानी जा रही है।