ठाणे

Published: Jul 04, 2022 09:55 PM IST

Heavy Rainठाणे जिले में जमकर हुई बरसात, इतनी मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
कंटेन्ट एडिटरनवभारत.कॉम

ठाणे : ठाणे जिले (Thane District) में बादल छाए रहे और मूसलाधार बारिश (Torrential Rain) जारी रही। दिन भर बारिश होती रही। 1 जुलाई से ठाणे जिले में औसतन 303.8 मिमी बारिश हुई है, जबकि कोंकण क्षेत्र में 613.6 मिमी बारिश हुई है। ठाणे महानगरपालिका (Thane Municipal Corporation) क्षेत्र और जिला बारिश से घिरा रहा। इस बीच, ठाणे में 636.9 मिमी बारिश हुई।  कल्याण में 268.8 मिमी, मुरबाड़ में 253 मिमी, भिवंडी में 276.1 मिमी, उल्हासनगर में 313.1 मिमी, शाहपुर में 313.1 मिमी और अंबरनाथ में 346.1 मिमी बारिश अब तक दर्ज की गई। 

ठाणे शहर में 535 मिमी बरसात अब तक दर्ज

तड़के से लगातार वर्षा दिन भर जारी रही। शहर में करीब 73.25 मिमी के साथ अब तक कुल 535 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गयी। कई स्थानों पर सड़कों पर घुटने तक पानी भरा। परिणामस्वरूप ट्रैफिक जाम हुआ और लोगो को परेशान होना पड़ा। इस दौरान शहर में पेड़ गिरने की 3 और पेड़ की टहनियों के गिरने की 5 और कम्पाउंड वॉल धराशायी होने की दो घटना हुई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ठाणे आने के चलते विभिन्न मार्ग पर ट्रैफिक को बंद कर किया गया था।  परिणामस्वरूप वर्षा में आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक जाम होने से लोगों का हाल बेहाल हुआ। 

इन स्थानों पर भरा पानी

महानगरपालिका आपातकालीन कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शहर के वंदना सिनेमा स्थित एसटी ऑफिस की 10 फ़ीट लम्बी और 5 फिट ऊँची चहारदीवारी करीब स्थित पांचाल चाल के दो घरों पर जा गिरी। परिणाम स्वरूप 58 वर्षीय गोपाल पांचाल का दाया हाथ जख्मी हुआ। चाल के सभी 4 घरों को खाली करा उनमे रहने वालों को उथलसर प्रभाग समिती में स्थानांतरित किया गया। मुंब्रा में अनिल भगत चाल के करीब 16 फ़ीट लम्बी चहारदीवारी धराशाई हुई। संभावित खतरे को देखते चॉल के सभी 19 घरों को खाली कराया गया. घरों में रहने वालों को मुंब्रा स्टेशन के करीब स्थित मनपा स्कूल में स्थानांतरित किया गया. लगातार वर्षा के चलते रॉयल चैलेन्ज होटल, वंदना सिनेमा, तीन पेट्रोल पंप, कोर्ट नाका परिसर, टेम्भी नाका परिसर, तालाब पाली, राबोडी सहित घोड़बंदर रोड, कलवा और मुंब्रा के कई स्थानों पर पानी भरा और ट्रैफिक जाम रहा। कोपरी के मीट बंदर परिसर में, मनीषा नगर स्विमिंग पूल के करीब, दिवा में गावदेवी मंदिर के करीब बिजली के ट्रांसफार्मर पर पेड़ गिरा।