ठाणे

Published: Aug 23, 2022 07:28 PM IST

Illegal Constructionमुंब्रा, दिवा और वर्तक नगर में तेजी से हो रहे अवैध निर्माण थमने का नाम नहीं ले रहे

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
कंटेन्ट एडिटरनवभारत.कॉम

ठाणे : ठाणे महानगरपालिका (Thane Municipal Corporation) क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वर्तक नगर (Vartak Nagar), मुंब्रा (Mumbra) और दिवा (Diva) में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण (Illegal Construction) हो रहा है। महानगरपालिका सूत्रों की माने तो इन तीनों प्रभाग समिति क्षेत्र में 50 से भी अधिक निर्माण कार्य शुरू है, लेकिन संबंधित प्रभाग समिति के सहायक आयुक्तों ने आँख में पट्टी बाँध लिया है। जबकि इन अवैध निर्माणों के विरुद्ध महानगरपालिका अतिक्रमण निष्कासन विभाग ने कार्रवाई करने का पत्र भी दे चुका है। उक्त मामलों से यह साफ पता चल रहा है कि ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र में अवैध निर्माण जोरों शोरों से शुरू हैं। इस संदर्भ में महानगरपालिका अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई जारी रहेगी। 

अवैध निर्माण को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा बार-बार महानगरपालिका प्रशासन का विरोध कर रहे थे। कोर्ट ने अवैध निर्माण पर प्रशासन को फटकार भी लगाई थी। अवैध निर्माण दिन-ब-दिन बढ़ते ही जा रहा हैं। ठाणे अवैध निर्माण का हब बनता जा रहा है। शहर के अंतर्गत आने वाले मुंब्रा, दिवा, और वर्तक नगर आदि शहर के अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों में अनधिकृत निर्माण बड़े पैमाने पर चल रहे हैं। मुंब्रा तो अवैध निर्माणों का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। यहाँ पर सहायक आयुक्त सागर सालुंखे के दो साल के कार्यकाल में करीब 50 से भी अधिक निर्माण कार्य बनाए जाने का मामला सामने आया है और वर्तमान समय में 25 से अधिक निर्माण का काम चल रहा है। इन दो सालों में अवैध निर्माणों को लेकर प्रभाग समिति कार्यालय के पास न तो किसी भी प्रकार का रिकार्ड है और न ही किसी पर एमआरपी के तहत कार्रवाई की गई। तकरीबन यही हाल वर्तक नगर प्रभाग समिति क्षेत्र का भी है। यहाँ के सहायक आयुक्त सचिन बोरसे का अवैध निर्माणों के चलते पिछले सप्ताह तबादला कर दिया गया था लेकिन अपने राजनीतिक पहुँच के चलते वे अपना तबादला रोकने में कामयाब हो गए। ऐसे में अब महानगरपालिका के तोड़क कार्रवाई पर भी सवाल खड़ा होने लगा है।

ज्ञात हो कि हाल में मुंबई हाई कोर्ट ने मुंब्रा में नौ अवैध खतरनाक इमारतों के खिलाफ अदालत ने सुनवाई करते हुए ऐसे अवैध को संरक्षण देने से इंकार करते हुए कार्रवाई पर रोक लगाने की याचिका को खारिज कर दिया था। वहीं दूसरी ओर, कोरोना काल के आड़ में जिस तरह से ठाणे महानगरपालिका क्षेत्र में अवैध निर्माण हुए और अब भी कोरोना का संक्रमण खत्म होने के बावजूद तेजी से अवैध निर्माण बनाए जा रहे है। इससे महानगरपालिका के कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा होने लगा है। 

कलवा में लगा लगाम 

महानगरपालिका द्वारा मिले एक अपुष्ट आकंड़े के अनुसार ठाणे महानगरपालिका की सीमा में आने वाले वर्तक नगर प्रभाग समिति क्षेत्र में करीब 10 अनाधिकृत निर्माणों की सूची सामने आई है। इसके साथ ही मुंब्रा में 25 के आसपास और दिवा में 40 इमारतें और चाल को मिलाकर करीब 100 अवैध निर्माण किया गया है। इसी तरह कोपरी में वर्तमान समय में 6 अवैध निर्माण कार्य चल रहे है। माजीवाड़ा-मानपाडा प्रभाग समिति क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले घोडबंदर रोड परिसर में महानगरपालिका के आरक्षित भूखंड पर ही अवैध निर्माण कर्ताओं ने कब्जा कर टर्फ बना लिया है। वहीं कलवा क्षेत्र में भी धड़ल्ले से निर्माण कार्य हो रहा था। लेकिन महानगरपालिका कमिश्नर डॉ. विपिन शर्मा के आदेश पर यहाँ के सहायक आयुक्त समीर जाधव को तबादला चुनाव विभाग में करने और सुबोध ठाणे कर की नियुक्ति के बाद अतिक्रमण निष्कासन विभाग के सहायक आयुक्त महेश आहेर के मार्गदर्शन में यहाँ पर अवैध निर्माण पर कुछ हद तक लगाम लगा है।     

मूलभूत सुविधाओं का महानगरपालिका पर बढ़ रहा है दबाव

पहले से ही ठाणे महानगरपालिका प्रशासन पर नागरिकों को सही तरीके से मूलभूत सुविधाओं का सही तरीके से पूर्ति न किये जाने का आरोप लग चुका है।  बढ़ती जनसंख्या के कारण ठाणे करों को आये दिन पानी की किल्ल्त का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, अब इन अवैध निर्माणों को पानी, बिजली कनेक्शन और अन्य सुविधाएं मुहैया कराने का भी दबाव बढ़ रहा है।