राज्य

Published: May 15, 2023 03:58 PM IST

Navi Mumbai Newsनवी मुंबई के सीबीडी के सेक्टर-9 में बगीचों की देखभाल में लापरवाही उजागर, खेल और व्यायाम सामग्री हुई खराब

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नवी मुंबई: नवी मुंबई महानगरपालिका (Navi Mumbai Municipal Corporation) के द्वारा नवी मुंबई शहर (Navi Mumbai Municipal City) के हर नोड में बड़े पैमाने पर आकर्षक बगीचे (Gardens) बनाए गए हैं। जहां पर हर दिन हजारों की संख्या में सभी उम्र के लोग आते हैं। कुछ बगीचों की देखभाल में महानगरपालिका के बगीचा विभाग द्वारा लापरवाही की जा रही है, जिसकी वजह से इन बगीचों में वयस्क नागरिकों के लिए लगाई गई व्यायाम की सामग्री खराब हो गई हैं, वहीं बच्चों की खेल सामग्री भी टूटी अवस्था में दिखने लगी हैं। जिसे देखकर नवी मुंबई के करदाता अब यह सवाल उठा रहे हैं कि महानगरपालिका के बगीचा विभाग के अधिकारी क्या ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए बगीचों में लगी सामग्री के रखरखाव की अनदेखी कर रहे हैं।

गौरतलब है कि नवी मुंबई को 21वीं सदी का शहर कहा जाता है, जहां पर नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा नागरिकों को हर तरह की सुविधाएं मुहैया कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा हैं। जिसकी वजह से नवी मुंबई महानगरपालिका को राष्ट्रीय, राज्य और विभाग स्तर पर कई सरकारी और गैर सरकारी पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। इस तरह की तमाम उपलब्धि प्राप्त करने वाली नवी मुंबई महानगरपालिका प्रशासन के अधिकारियों द्वारा इस शहर में बगीचों की खराब स्थिति पर ध्यान क्यों नहीं दिया जाता है? यह एक सवाल नवी मुंबई के नागरिकों के मन में उठ रहा हैं।

बगीचों के रखरखाव पर किया जाता है करोड़ों रुपए खर्च

नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा बगीचों के रखरखाव पर हर साल करोड़ों की धनराशि खर्च की जाती है, इसके बावजूद भी कई बगीचों में बच्चों के खेलने वाले खिलौनों और व्यायाम सामग्री खस्ता हाल में हैं, जिन्हें देखकर यह सवाल उठता है कि क्या उक्त सभी कार्यों के एस्टीमेट की फाइल तैयार करने में बगीचा विभाग के अधिकारी को काफी मेहनत करनी पड़ती हैं। जिसकी वजह से उक्त काम समय पर नहीं हो पा रहा हैं। जिसका खामियाजा टैक्स भरने वालों को उठाना पड़ रहा है। सीबीडी के सेक्टर-9 में ऐसे ही एक बदहाल बगीचे की तस्वीर सामने आई है, जिसने महानगरपालिका के बगीचा विभाग की कार्यशैली की पोल खोल दी है।

इंजीनियरिंग विभाग द्वारा लगाई जाती है खेल सामग्री

नवी मुंबई महानगरपालिका द्वारा बनाए गए बगीचों में बच्चों के खेलने और वयस्कों के व्यायाम की सामग्री लगाने का काम महानगरपालिका के इंजीनियरिंग विभाग द्वारा किया जाता है। जबकि इसके रखरखाव की जिम्मेदारी बगीचा विभाग के अधिकारियों पर है। जो इसके प्रति लापरवाह और अनभिज्ञ हैं। शायद इसी वजह से महानगरपालिका के बगीचों में लगे खिलौने और व्यायाम की सामग्री हमेशा खराब हालत में नजर आती हैं। इस संबंध में बगीचा विभाग का कहना है कि जल्द ही महानगरपालिका क्षेत्र के बगीचों का निरीक्षण कर के नागरिकों की शिकायतों को दूर किया जाएगा।