उत्तर भारत
Published: Mar 10, 2022 12:16 PM ISTUttarakhand Election Result 2022उत्तराखंड के रुझानों में बीजेपी को पूर्ण बहुमत, प्रह्लाद जोशी बोले- जनता ने देखा हमारा काम
दिल्ली: यूपी (UP) सहित पांच राज्यों के चुनावी रुझान आ रहे हैं। उत्तराखंड (Uttarakhand), यूपी (UP), मणिपुर (Manipur) में बीजेपी (BJP) की सरकार बनती नजर आ रही है। वहीं, पंजाब (Panjab) में आम आदमी पार्टी और गोवा में कांग्रेस-बीजेपी में कांटे की टक्कर चल रही है। उत्तराखंड में चुनावी रुझान को लेकर बीजेपी नेता और उत्तराखंड के बीजेपी प्रभारी प्रह्लाद जोशी (Prahlad Joshi) ने कहा कि यह परिणाम उम्मीद के मुताबिक है। उत्तराखंड के लोगों को हमारा काम दिखा है।
प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम पुष्कर सिंह धामी और पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मिलकर काम किया है। मैं जनता और कार्यकर्ता को धन्यवाद देता हूं।
गौरतलब है कि उत्तराखंड में सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी है और सामने आ रहे रुझानों में भाजपा 44 सीटों पर आगे चल रही है जबकि मुख्य विपक्षी कांग्रेस 22 स्थानों पर बढ़त बनाए हुए है। चुनाव आयोग से मिली जानकारी के अनुसार, बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय दो-दो सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कांग्रेस के भुवन चंद्र कापडी से 954 मतों से पीछे चल रहे हैं, जबकि कांग्रेस महासचिव और प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत लालकुआं सीट पर भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट से 8616 मतों से पीछे हैं। चुनाव से पहले भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए यशपाल आर्य बाजपुर से भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार से 2755 मतों से पीछे चल रहे हैं। निवर्तमान राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और चकराता से अब तक अजेय रहे कांग्रेस के प्रीतम सिंह अपने निकटतम प्रत्याशी भाजपा के रामशरण नौटियाल से 1805 मतों से आगे हैं। देहरादून कैंट विधानसभा सीट पर आठ बार के विधायक रहे दिवंगत हरबंस कपूर की पत्नी सविता कपूर अपने निकटतम प्रतिद्धंदी कांग्रेस के सूर्यकांत धस्माना से 4198 मतों से आगे चल रही हैं ।