अन्य राज्य
Published: May 21, 2022 09:23 AM ISTAssam Floodsअसम में बाढ़ का कहर जारी, अब तक 14 लोगों की हुई मौत; 7 लाख से अधिक लोग प्रभावित
गुवाहाटी: असम में बाढ़ (Assam Floods) की स्थिति शुक्रवार को भी गंभीर बनी रही क्योंकि बाढ़ का पानी नए इलाकों में घुस गया है जिससे कुल 29 जिले प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण अब तक कुल 7,11,905 लोग प्रभावित हुए हैं। राज्य सरकार ने एक बुलेटिन में यह जानकारी दी। बुलेटिन के अनुसार बाढ़ के कारण चार और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गयी, जिसमें से पांच लोगों की मौत भूस्खलन के कारण हुई है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार बाढ़ प्रभावित आबादी की संख्या 7,17,500 थी और इसके कारण कुल 27 जिले प्रभावित थे। एएसडीएमए के मुताबिक कुल 343 राहत शिविरों में 86,772 लोगों ने शरण ली हुई है, जबकि 411 अन्य राहत वितरण केंद्र भी संचालित हैं।
एएसडीएमए ने बुलेटिन में कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और स्वयंसेवकों की मदद से कुल 21,884 फंसे हुए लोगों को निकाला जा चुका है। राज्य में बाढ़ प्रभावित इलाकों में कई जगहों पर मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह से ठप्प है।