अन्य राज्य

Published: Sep 16, 2022 03:37 PM IST

Karnatakaसास-ससुर ने कुत्ते को घर से हटाने से किया इनकार, बहु ने बेटी के साथ कर ली खुदकुशी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Photo

कर्नाटक : कुत्ता अपने मालिक के लिए मौत से भी टकरा जाता है। इसका उदाहरण कई बार लोगों ने देखा और सुना है। सोशल मीडिया (Social Media) पर कई ऐसी खबरें आती रहती हैं। जिसमें अपने मालिक को बचाने के लिए कुत्ता (Dog) सांप और शेर से भी लड़ जाता है। शायद यही कारण है कि हर इंसान कुत्ते को एक वफादार जानवर मानता है और उसे अपने परिवार का हिस्सा बनाकर रखता है, लेकिन घर का डॉगी कभी कभार आफत भी बन जाता है। क्या आपने कभी ऐसा सुना है कि पालतू कुत्ते (Pet Animal) के विवाद में कोई खुदकुशी (Sucide) कर ले? इस पर यकीन कर पाना थोड़ा मुश्किल जरुर है, लेकिन ये घटना सच है।  

दरअसल, यह मामला कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु का है। जहां पर एक मां और बेटी ने फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक महिला को सांस की बीमारी थी। जिसके कारण महिला को उसके डॉक्टर ने कुत्तों से दूर रहने की सलाह दी थी। डॉक्टर की सलाह के बाद महिला ने अपने सास-ससुर से कई बार घर के पालतू कुत्ते को हटाने लिए कहा था, लेकिन उन्होंने महिला की बात नहीं सुनी और कुत्ते को घर से नहीं हटाया।  

जिसके बाद घर में इसको लेकर लगातार विवाद बढ़ता रहा है। इसी बीच एक दिन फिर से विवाद बढ़ा तो महिला अपने कमरे में गई और फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मामले की जानकारी मिलने पर जब घर का दरवाजा तोड़ा गया तो सिर्फ महिला ही नहीं, बल्कि उसकी 13 साल की बेटी भी फंदे पर लटकी मिली। इस घटना के बाद महिला के पिता ने ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। वहीं इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में मातम पसर गया है।