उत्तर प्रदेश

Published: Nov 26, 2021 07:05 PM IST

Ramghat Kalyan Margडिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने 274 करोड़ की 153 परियोजनाओं का किया शिलान्यास

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

लखनऊ : उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के उप मुख्यमंत्री (Deputy Chief Minister) केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) ने  शुक्रवार को अलीगढ़ (Aligarh) में 274 करोड़ की153 परियोजनाओं (Projects) का शिलान्यास और लोकार्पण कर विकास कार्यों की सौगात दी। केशव प्रसाद मौर्य ने पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व राज्यपाल  (राजस्थान) स्व० कल्याण सिंह  (Late Kalyan Singh) के नाम पर रामघाट रोड का नाम “रामघाट कल्याण मार्ग’’ (Ramghat Kalyan Marg) किए जाने के साथ ही अलीगढ़ से बुलंदशहर तक का चार लेन बनाए जाने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने अलीगढ़ ही नहीं वरन संपूर्ण प्रदेश का चहुमुंखी विकास किया है। बात शिक्षा की हो या स्वास्थ्य की, सड़कों की हो या फिर उद्योगों की, उत्तर प्रदेश, सरकार केंद्र सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर परियोजनाओं को धरातल पर उतार रही है।  उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सबका साथ – सबका विकास – सबका विश्वास के मूल यंत्र के साथ प्रदेश का तीव्र गति से चहुमुंखी विकास कर रही है।

डबल इंजन की सरकार के परिणाम को आज पूरा देश देख रहा है

अलीगढ़ के सर्किट हाउस परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करते हुए अलीगढ़ और एटा वासियों को विकास की नई सौगात दी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के परिणाम को आज पूरा देश देख रहा है। उन्होंने कहा कि आज वह 274 करोड़ की परियोजनाओं में से 93 करोड़ की लागत वाली 84 परियोजनाओं का लोकार्पण और 181 करोड़ की लागत वाली 69 परियोजनाओं का शिलान्यास कर रहे हैं। मंच के माध्यम से उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे बिना किसी देरी के अविलंब गुणवत्तापूर्ण कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ में अब तक 970 करोड़ की लागत से 1169 विकास कार्याे की सौगात दी जा चुकी है। इसी प्रकार से एटा में भी 367 करोड़ की लागत से 769 परियोजनाएं पूर्ण कर जनता को सौपीं जा चुकीं हैं। 

स्वर्गीय कल्याण सिंह “बाबूजी” के नाम पर रामघाट कल्याण मार्ग 

मौर्य ने कहा कि अलीगढ़ का रामघाट रोड अब पूर्व मुख्यमंत्री (उत्तर प्रदेश) और पूर्व राज्यपाल (राजस्थान) स्वर्गीय कल्याण सिंह “बाबूजी” के नाम पर रामघाट कल्याण मार्ग नाम से जाना जाएगा। उप मुख्यमंत्री यहीं नहीं रुके बल्कि रामघाट कल्याण मार्ग को 400 करोड़ की लागत से फोर लेन भी बनाए जाने की घोषणा करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने राष्ट्र की जिस प्रकार से सेवा की, उसे देश सदैव याद रखेगा। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

डिफेंस कॉरिडोर के अलीगढ़ नोड में तेजी के साथ कार्य हो रहा है

सरकार प्रदेश के सभी 75 जनपदों में समान रूप से चहुमुंखी विकास कर रही है। जो कार्य 15 वर्षों में नहीं हुए, वह हमारी सरकार ने कोरोना काल के बावजूद के समय में ही कर दिखाए। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक वृद्धि करते हुए अलीगढ़ में सम्मान के हकदार स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। डिफेंस कॉरिडोर के अलीगढ़ नोड में तेजी के साथ कार्य हो रहा है। यहां से जनपद ही क्या समूचे एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तरक्की के द्वार खुलेंगे। विकास के क्षेत्र में नया आयाम स्थापित करते हुए गुरुवार को देश के प्रधानमंत्री द्वारा जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की आधारशिला रखी गई है। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा गरीब जनता के चेहरे पर मुस्कान और खुशहाली लाने के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाओं का संचालन कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। किसान हित में निर्णय लिए जा रहे हैं। किसानों की तरक्की का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है। 

जो काम सालों में नहीं हुए, वह 4 साल में कर दिखाए गए हैं

सांसद राजवीर सिंह ने उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अलीगढ़ के लिए जब भी जो मांगा गया है, वह मिला है। उत्तर प्रदेश के अंदर लोक निर्माण विभाग के कार्य दिखाई पड़ते हैं। हेलीकॉप्टर से काली-काली सड़कों का जाल दिखाई देता है, जो काम सालों में नहीं हुए, वह 4 साल में कर दिखाए गए हैं। सांसद सतीश गौतम ने कहा कि अलीगढ़ में सड़कों के जाल का विस्तार हुआ है। उन्होंने कुछ मुख्य मार्गों का नाम लेते हुए कहा कि जनपद में चौतरफा विकास करने का कार्य उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा किया गया है। आज एक्सप्रेस वे हाईवे का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्माण इस प्रकार से किया जा रहा है कि गाड़ी के अंदर रखा हुआ पानी भी छलक नहीं सकता। प्रदेश सरकार शहीदों और टापर विद्यार्थियों के नाम पर सड़कों को बनवाकर उन्हें सम्मान दे रही है। 

इस अवसर पर सांसद हाथरस राजवीर दिलेर, विधायक अनिल पाराशर, संजीव राजा, अनूप प्रधान, ठा. दलवीर सिंह, एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह, विपिन वर्मा ’’डेविड’’, सत्यपाल सिंह राठौर, संजीव दिवाकर, ममतेश शाक्य,  देवेन्द्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, ठाकुर शिवराज सिंह, शिव नारायण शर्मा, अनीता जैन, रामसखी कठेरिया समेत अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।