उत्तर प्रदेश

Published: Oct 05, 2021 10:36 AM IST

Priyanka Gandhiप्रियंका गांधी की रिहाई को लेकर सीतापुर में कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठे, सड़क पर झाड़ू लगाकर जताया विरोध

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
प्रियंका गांधी की रिहाई की मांग पर अड़े (Photo Credits-Twitter)

नई दिल्ली: देश में लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri Violence) में हुई हिंसक घटना के बाद से ही लगातार बयानबाजी का दौर शुरू है। इससे पहले लखीमपुर जा रही प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) को सीतापुर पुलिस (Sitapur Police) ने हिरासत में लिया था। उन्हें अब तक पुलिस ने रिहा नहीं किया है। इसी के चलते सीतापुर में पीएसी गेस्ट हाउस के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर झाड़ू लगाकर अपना विरोध जताया है।

ज्ञात हो कि प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने का विरोध कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सीतापुर में सड़क पर झाड़ू लगाकर विरोध जताया। प्रियंका को कल लखीमपुर खीरी जाते समय हिरासत में लिया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ता ने कहा कि हम तबतक नहीं हटेंगे जबतक उन्हें रिहा नहीं कर दिया जाता। प्रियंका गांधी वाड्रा पीएसी गेस्ट हाउस में हिरासत में हैं।

गौर हो कि इससे पहले यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा सहित अन्य पांच नेताओं को अभी तक पुलिस ने हिरासत से नहीं छोड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी को 24 घंटे से ज्यादा समय तक पुलिस हिरासत में रखना गैर कानूनी है। लल्लू ने कहा कि प्रशासन ने अभी तक उन्हें हटाने की वजह भी नहीं बताई है।