उत्तर प्रदेश

Published: Jul 05, 2022 06:07 PM IST

Plantation Campaign in UPवृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए है: दुर्गा शंकर मिश्र

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र (Durga Shankar Mishra) द्वारा जेल रोड स्थित ईको गार्डेन में वृक्षारोपण (Plantation) किया गया। इस दौरान वहां उपस्थित जन-समुदाय को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ये जो हम लोग वृक्षारोपण कर रहे हैं, ये अपने लिए नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों एवं सभी प्राणियों के लिए है। आज 25 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य है। आज पूरे प्रदेश में वृक्षारोपण बड़ी तेजी के साथ हो रहा है। जो उतनी ही तेजी से ऑक्सीजन पैदा कर रहा है। 

मिश्र ने कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर में लोग ऑक्सीजन की कमी के कारण तड़प रहे थे। यदि ऑक्सीजन हमारे वातावरण में कम हो जाय तो हर प्राणी के ऊपर बुरा प्रभाव पड़ेगा। ऑक्सीजन के लिए कई प्लांट लगाए गए हैं, किन्तु वृक्षारोपण से हम कई गुना ऑक्सीजन पैदा कर सकते हैं। पेड़ लगाने से न केवल ऑक्सीजन पैदा होती है, बल्कि जो हरा-भरा पेड़ है ये पेड़ प्रकृति का इतना सुन्दर सुनहरा ये उसका आवरण है, हमारी धरती मां को इतना खूबसूरत कर देता है। 

वटवृक्ष में सभी देवी-देवता निवास करते हैं

उन्होंने कहा कि पेड़ एक सजीव प्राणी है, आप कितनी भी तकलीफ में हो एक पेड़ की छाया में बैठ जाइए तो ये सारी परेशानियां दूर कर देता है। पेड़ वो महसूस करता है, जो आप महसूस करते हैं। हमारे सभी देवी-देवताओं के साथ एक पेड़ अवश्य ही जुड़ा है। हमारे वटवृक्ष में ब्रह्मा, विष्णु, महेश सहित सभी देवी-देवता निवास करते हैं।

 पिछले 5 वर्ष में 100 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए 

 मुख्य सचिव ने बताया कि हमने पिछले 5 वर्ष में 100 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संकल्प लिया है कि हम अगले 5 वर्ष में 150 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाएंगे। इस वर्ष 35 करोड़ पेड़ लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित है जिसको पूरा करने के लिए अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया गया है। पेड़ लगाने के लिए कई तैयारियां करनी पड़ती है। वन, उद्यान एवं ग्राम्य विकास विभाग एवं सभी विभागों ने मिलकर इसकी तैयारी की। लोग अपने घरों में तुलसी, औषधीय एवं फूल-पत्ते वाले पौधे लगाएं। आज हमारे मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री एवं सभी मंत्री, सभी विधायक एवं जन-प्रतिनिधि के साथ-साथ प्रदेश की जनता भी वृक्षारोपण कर रहे हैं। यही वृक्षारोपण हमारे प्रदेश को ऊर्जा देगी। आने वाले समय में सशक्त भारत होगा। जिस संकल्पना को प्रधानमंत्री ने किया था उसको हमारे देश का प्रत्येक नागरिक पूरा कर रहा है।