राज्य

Published: Apr 01, 2023 09:36 PM IST

School Chalo Abhiyanसबको गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उज्जवल भविष्य की प्रेरणा स्कूल चलो अभियान का मुख्य उद्देश्य: नन्दी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी स्कूल चलो अभियान और संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ होने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी (Minister Nand Gopal Gupta Nandi) प्रयागराज के हण्डिया तहसील (Handia Tehsil) के धनुपुर विकास खंड के कोट दक्षिण प्राथमिक विद्यालय में आयोजित स्कूल चलो अभियान (School Chalo Abhiyan) की रैली और जागरूकता कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। 

मंत्री नन्दी ने कोट दक्षिण प्राथमिक विद्यालय द्वारा निकाली गई स्कूल चलो अभियान की जागरूकता रैली को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया। मंत्री नन्दी ने शिक्षकों के साथ ही ग्रामीणों से भी स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही देश और प्रदेश के विकास का मुख्य आधार है। मंत्री नन्दी ने कहा कि सबको गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उज्जवल भविष्य की प्रेरणा स्कूल चलो अभियान का मुख्य उद्देश्य है। 

सरकारी स्कूलों में बढ़ें छात्र

मंत्री नन्दी ने कहा कि 2017 से पहले सरकारी स्कूलों का हाल बेहाल था। छात्र-छात्राओं की संख्या लगातार घट रही थी। 2017 में बीजेपी की सरकार बनते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वृहद स्तर पर स्कूल चलो अभियान का आयोजन हुआ। जिसके परिणाम स्वरूप पिछले छह वर्ष में प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 1.92 करोड़ छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ है। मंत्री नन्दी ने कहा कि शिक्षक का पद सबसे सम्मानीय है, क्योंकि शिक्षक ही बच्चों का नहीं, बल्कि देश का भविष्य गढ़ता है। 

योगी सरकार में एक लाख 60 हजार शिक्षकों की नियुक्ति हुई 

मंत्री नन्दी ने कहा कि पिछली सरकारों में शिक्षकों की भर्ती में लूट खसोट के साथ ही मनमानी की प्रवृत्ति लागू थी। वहीं योगी सरकार में बिना किसी भेदभाव के एक लाख 60 हजार शिक्षकों की नियुक्ति हुई है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रयागराज डा. वी.के. सिंह, पूर्व विधायक हण्डिया प्रशान्त सिंह, हण्डिया के एसडीएम प्रेम कुमार प्रजापति, ब्लाक प्रमुख धनुपुर ज्योति यादव, ग्राम प्रधान कोट दक्षिण  सरिता मिश्रा, खंड विकास अधिकारी आदि लोग उपस्थित रहे।