उत्तर प्रदेश

Published: Jun 29, 2021 09:38 AM IST

UP Assembly Elections 2022यूपी के 2022 विधानसभा चुनाव सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लड़ा जाएगा: हेमा मालिनी

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File

मथुरा: यूपी में जैसे-जैसे चुनाव नज़दीक आ रहे हैं, राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज़ होने लगी हैं। ऐसे में अभिनेत्री और मथुरा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद हेमा मालिनी ने कहा है कि, वर्ष 2022 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Elections 2022) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। 

मालिनी ने एक सवाल के जवाब में हाल ही में संवाददाताओं से कहा, ”उत्तर प्रदेश का अगला विधानसभा चुनाव योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। आदित्यनाथ ने पिछले चार वर्षों में उत्तर प्रदेश का सराहनीय विकास किया है।” 

इससे पहले उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने कहा था कि, अगले वर्ष यूपी में होने वाला विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेत्रृत्व में ही लड़ा जाएगा और तब भी भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी। 

प्रदेश उपाध्यक्ष सिंह ने वृन्दावन के केशवधाम में आयोजित पार्टी की ब्रजक्षेत्र इकाई की एक अहम बैठक में भाग लेने के बाद मथुरा में स्थानीय पार्षद के आवास पर वार्ता में यह बात कही थी। इस बैठक में भाजपा के शीर्ष नेताओं सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।

योगी आदित्यनाथ के नेत्रृत्व की उपलब्धियां गिनाते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा था कि, ‘‘अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ही सरकार बनाएगी और ऐसा निश्चित रूप से मुख्यमंत्री के नेत्रृत्व में प्रदेश में वर्षों बाद आए बदलाव के चलते संभव होगा।”