उत्तर प्रदेश

Published: May 28, 2022 11:22 PM IST

UP Weatherउत्तर प्रदेश के कई जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, बारिश की भी संभावना

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Photo

नई दिल्ली. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कई जिलों में आंशिक रूप से बादल छाये हुए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार यमुनानगर, सहारनपुर, गंगोह, देवबंद, मुजफ्फरनगर, कांधला, खतौली, सकोटी टांडा, हस्तिनापुर, बड़ौत, दौराला (यूपी) के आसपास के क्षेत्रों में 30-40 किमी प्रति घंटा की गति के साथ हवाएं चलेंगी। वहीं मौसम विभाग ने बारिश की भी संभावना जताई है।

‘स्काईमेट वेदर’ में मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा कि दक्षिणी दिल्ली, फरीदाबाद, पलवल, आगरा, मथुरा, होडल और नारनौल में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, कुरुक्षेत्र, करनाल (हरियाणा) गंगोह, शामली, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के आसपास के इलाकों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज के साथ छीटें पड़ने का अनुमान है। वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान अनुसंधान प्रणाली (सफर) के अनुसार, दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 182 दर्ज किया गया जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।

गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है। (एजेंसी इनपुट के साथ)