विदेश

Published: Mar 18, 2022 09:14 AM IST

Russia-Ukraine War Updatesवॉर क्रिमिनल के बाद बाइडेन ने पुतिन को बताया 'हथियारा तानाशाह' और ठग, अमेरिकी सांसदों ने भारत से की ये अपील

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
File Photo

नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन में जंग (Russia Ukraine War) अब भयानक रूप ले चुकी है। रुसी हमले अब यूक्रेन के अस्पताल, थियेटर और रेसिडेंशियल इमारतों तक भी पहुंच चुके हैं। ऐसे में यूक्रेन लगातार दावे कर रहा है कि, रूस सिविलियन फैसिलिटीज़ को भी निशाना बना रहा है। इस बीच रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन (US President Joe  Biden) के व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) पर जुबानी हमले जारी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बाइडेन ने पुतिन को अब वॉर क्रिमिनल के बाद हथियारा तानाशाह और एक शुद्ध ठग बताया है। तो वहीं अमेरिकी सांसदों ने भारत समेत विश्व नेताओं से यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के खिलाफ आवाज उठाने का आग्रह किया है। 

अमेरिका ने किया भारत से यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के खिलाफ आवाज उठाने का आग्रह

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी सांसदों के एक द्विदलीय समूह ने भारत से यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के खिलाफ आवाज उठाने का आग्रह किया है। कांग्रेस सदस्य जो विल्सन और भारतीय-अमेरिकी सांसद रो खन्ना के नेतृत्व में सांसदों ने अमेरिका में भारत के शीर्ष राजदूत तरनजीत सिंह संधू को फोन करके इस मामले पर चर्चा भी की है। इससे पहले दो और सांसदों- टेड डब्ल्यू लियू और टॉम मालिनोवस्की ने भारत से रूस की निंदा करने का आग्रह किया था। 

यूक्रेनी शहर पर हुए हमले में मरने वालों लोगों में अमेरिकी नागरिक भी शामिल

खबर है कि, अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इस बात की पुष्टि की है कि, रूस द्वारा यूक्रेनी शहर पर हाल ही में हुए हमले में मरने वालों लोगों में अमेरिकी नागरिक भी शामिल है। हालांकि मंत्रालय ने मारे गए अमेरिकी की पहचान तत्काल जाहिर नहीं की है। बताया जा रहा है कि, यह दूसरा अमेरिकी नागरिक है जो यूक्रेन युद्ध में मारा गया है। पिछले सप्ताह पत्रकार और फिल्मकार ब्रेंट रेनॉड की भी मौत हो गई थी। 

थिएटर को बनाया निशाना 

रूस के आक्रमण के बीच यूक्रेन के अधिकारियों ने गुरुवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि, रूसी सेना ने मारियुपोल शहर में जम कर बमबारी की। इसमें एक थिएटर को ध्वस्त कर दिया गया जहां सैकड़ों लोगों ने शरण ले रखी थी। इमारत के बेसमेंट में फंसे लोगों को निकालने के लिए किए जा रहे प्रयासों के बीच कुछ लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद गुरुवार को बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने कहा कि, एक उत्तरी शहर में रूसी बमबारी में दर्जनों लोग मारे गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में मारियुपोल सिटी काउंसिल के हवाले से बताया गया है कि, थिएटर पर बुधवार को हवाई हमला किया गया। सिटी काउंसिल ने कई तस्वीरें जारी की है जिसमें दिख रहा है कि इमारत का एक हिस्सा तबाह हो गया है। इमारत के तहखाने में सैंकड़ों लोगों ने शरण ले रखी थी। तहखाने के अंदर, सैकड़ों पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने शरण ली थी। एक अनुमान के अनुसार करीब 1,000 लोग वहां थे।

24 घंटों में कम से कम 53 शव मुर्दाघर में लाए गए 

यूक्रेन के अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी शहर चेर्नीहीव में पिछले 24 घंटों में कम से कम 53 शव मुर्दाघर में लाए गए। इस बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने जर्मन सांसदों को वीडियो कॉफ्रेंस के जरिए संबोधित किया और अपने देश के लिए अधिक मदद का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लगभग एक महीने पहले शुरू हुए इस युद्ध में 108 बच्चों सहित हजारों लोगों की मौत हो चुकी है।