विदेश

Published: Dec 05, 2022 01:39 PM IST

Nigeria Mosque Shootingनाइजीरिया की मस्जिद में गोलीबारी, नमाज अदा कर रहे इमाम सहित 12 लोगों की मौत

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

नयी दिल्ली: नाइजीरिया (Nigeria) में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां मस्जिद (Maigamji Mosque) में कुछ बंदूकधारियों ने नमाज अदा कर रहे लोगों पर हमला कर दिया है। इस दिल दहला देने वाली घटना में नमाज पढ़ रहे इमाम समेत 12 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने भी घटना की पुष्टि की है। शनिवार रात हुई गोलीबारी (Shooting) के बाद यह भी खबर मिली है कि हमलावरों ने मस्जिद से ही कुछ लोगों को अगवा कर लिया। इस घटना से सनसनी मच गई है और लोगों में एक बार फिर से डर का माहौल पैदा हो गया है।

बंदूकधारियों द्वारा नाइजीरिया में हमले किए जाने की पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं। बताया जा रहा है कि ये गिरोह फिरौती के लिए लोगों की हत्या करते हैं या उनका अपहरण करते हैं। इतना ही नहीं ये गिरोह ग्रामीणों से खेती के लिए ‘प्रोटेक्शन मनी’ की मांग करते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राष्ट्रपति मुहम्मदु बुहारी के गृह राज्य कैटसिना के फुनटुआ निवासी लॉवल हारुना  ने इस घटना का खुलासा किया।

लॉवल हारुना ने बताया कि, बंदूकधारी मोटरसाइकिल पर मैगामजी मस्जिद आए और गोलियां चलानी शुरू कर दीं। उन्होंने बताया है कि इस फायरिंग में करीब 12 लोगों की मौत हुई है। फुनटुआ के एक अन्य निवासी अब्दुल्लाही मोहम्मद ने कहा, “फिर उन्होंने कई लोगों को घेर लिया और और अपने साथ झाड़ियों में ले गए ।‘मैं दुआ कर रहा हूं कि डाकुओं ने जिन निर्दोष लोगों का अपहरण किया है, उन्हें रिहा कर दें।”

कैटसिना नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी राज्यों में से एक है, जो पड़ोसी नाइजर के साथ सीमा साझा करता है। लिहाजा यह गैंग दोनों देशों में बड़ी आसानी से ऑपरेट करता है। नाइजीरिया में, सेना ने हमलावरों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली जगहों पर बमबारी की है, लेकिन हमले अब भी जारी हैं। इससे लोगों में डर का माहौल है।