विदेश

Published: Feb 24, 2023 01:06 PM IST

Russia-Ukraine Warरूस-युक्रेन युद्ध को पूरा हुआ एक साल, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने लिया जीत का संकल्प

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

कीव: यूक्रेन (Ukraine) के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की (Volodymyr Zelensky) ने रूस (Russia) के आक्रमण का एक साल पूरा होने पर 2023 में जीत के लिए पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया। शुक्रवार को इस युद्ध को एक साल पूरा हो गया जिससे यूक्रेन और इसके निवासियों का जीवन बदल दिया है।

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ट्वीट किया कि यूक्रेनवासियों ने खुद को ‘‘अजेय” साबित किया है। जेलेंस्की ने बीते वर्ष को ‘‘दर्द, दुख, विश्वास और एकता का वर्ष” कहा। उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते हैं कि 2023 हमारी जीत का वर्ष होगा।”

यूक्रेनवासियों ने युद्ध में मारे गए हजारों लोगों की याद में शोकसभा, मोमबत्ती जुलूस और अन्य शोक सभाओं के आयोजन की योजना बनाई है, विशेष रूप से पूर्वी यूक्रेन में जहां लड़ाई में हर समय मृतकों की संख्या बढ़ रही है। ऐसी चिंताएं थीं कि इस दिन रूस यूक्रेन के खिलाफ मिसाइल हमले और तेज कर सकता है।

लेकिन गनीमत यह रही कि राजधानी कीव में रात भर हवाई हमले की चेतावनी सुनाई नहीं दी और सुबह शांति रही। हालांकि, सरकार ने स्कूलों की कक्षाओं को ऑनलाइन संचालित करने और कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा।

यूक्रेन युद्ध में मारे गए लोगों की याद में विदेशों में भी श्रद्धांजलि दी गई। पेरिस में एफिल टावर को यूक्रेन के रंगों- पीले और नीले रंग में रोशन किया गया। (एजेंसी)