विदेश

Published: Sep 21, 2021 01:35 PM IST

Taliban Govt in Afghanistanअफगानिस्तान में तालिबान ने अपने उप मंत्रियों की लिस्ट की जारी, सूची में किसी भी महिला को नहीं दी गई जगह

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम
Representative Image

काबुल: तालिबान (Taliban) ने मंगलवार को उप मंत्रियों (Deputy Ministers) की एक सूची की जारी की, जिसमें किसी भी महिला (Woman) का नाम शामिल नहीं है। इस महीने की शुरुआत में मंत्रियों के चयन के दौरान भी मंत्रिमंडल में किसी महिला को शामिल नहीं किया गया था। इसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आलोचना हुई थी।

तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक संवाददाता सम्मेलन में यह सूची पेश की। उप मंत्रियों की सूची से संकेत मिलता है कि तालिबान पर अंतरराष्ट्रीय आलोचना का कोई असर नहीं है और वे समावेशिता एवं महिलाओं के अधिकारों को कायम रखने के शुरुआती वादों के बावजूद अपने कट्टरवादी रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। 

इससे पहले अफगानिस्तान में सर्व-पुरुष सरकार पर नाराजगी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए तालिबान के प्रवक्ता सैयद ज़करुल्ला हाशिमी ने स्थानीय न्यूज़ नेटवर्क, टोलो न्यूज़ को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि, “एक महिला मंत्री नहीं हो सकती, यह ऐसा है जैसे आप उसकी गर्दन पर कुछ बोझ डालते हैं जो वह नहीं संभाल सकती।”

उन्होंने आगे कहा था कि, एक महिला के लिए कैबिनेट में होना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि, “उन्हें जन्म देना चाहिए। महिला प्रदर्शनकारी अफगानिस्तान में सभी महिलाओं का प्रतिनिधित्व नहीं कर सकती हैं।” 

(एजेंसी इनपुट्स के साथ)