मुंबई: महाराष्ट्र में कोरोना का तांडव (Maharashtra Corona Updates) जारी है। कई बॉलीवुड सेलिब्रिटी और राज्य के नेताओं के कोरोना की चपेट में आने के बाद महाराष्ट्र के गृहमंत्री दिलीप वलसे पाटिल (Home Minister Dilip Walse Patil) के कई स्टाफ मेंबर्स कोविड पॉज़िटिव हुए हैं। एएनआई के अनुसार, राज्य के गृह मंत्री कार्यालय ने बताया है कि, पाटिल के स्टाफ के करीब 20 लोग कोरोना पॉज़िटिव पाए गए हैं। इससे पहले उनके 4 स्टाफ सदस्यों की कोरोना रिपोर्ट पॉज़िटिव आई थी।
बता दें कि, महाराष्ट्र में गुरुवार को कोरोना के 36,625 नए केस सामने आये हैं। साथ ही 79 मामले ओमीक्रोन के भी सामने आए है। जबकि 13 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कोरोना के 1 लाख 14 हजार 847 सक्रिय केस हैं। बीएमसी ने बताया कि बुधवार के मुकाबले गुरुवार को 5,015 अधिक केस सामने आए हैं जबकि चार मरीजों की जान गई है।
#UPDATE | 20 staff members of Maharashtra Home Minister Dilip Walse Patil tested positive for #COVID19: State Home Minister’s Office
— ANI (@ANI) January 7, 2022
वहीं शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस (Corona Virus) के एक दिन में आने वाले मामले, 214 दिनों बाद एक लाख से अधिक दर्ज किए गए, जिससे संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़ कर 3,52,26,386 हो गयी है। इनमें 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश से ओमीक्रोन (Omicron) स्वरूप के 3,007 मामले भी शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) के शुक्रवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, अभी तक आए ओमीक्रोन के कुल मामलों में से 1,199 लोग स्वस्थ हो गए या देश छोड़कर चले गए हैं।
महाराष्ट्र में सबसे अधिक 876 मामले आए। देश में एक दिन में इस महामारी के 1,17,100 नए मामले आए जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 3,71,363 हो गयी जो करीब 120 दिनों में सबसे अधिक है। एक दिन में 302 मरीजों के जान गंवाने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,83,178 हो गयी है।