odisha lok sabha and assembly elections 2024 Naveen Patnaik hit back at PM Modi claims
पीएम मोदी और नवीन पटनायक

ओडिशा में भाजपा के सरकार बनाने संबंधी मोदी के दावे पर पांडियन ने कहा कि नवीन पटनायक नौ जून को सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे के बीच लगातार छठी बार ओडिशा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

Loading

भुवनेश्वर: ओडिशा के मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (BJD) के अध्यक्ष नवीन पटनायक (Naveen Patnaik) ने सोमवार को कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार बनाने का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) का दावा ‘दिन में सपने’ देखने जैसा है। मोदी ने ओडिशा के बरहामपुर और नबरंगपुर में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए आज कहा कि बीजद की ‘एक्सपाइरी डेट’ चार जून है जब विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। ओडिशा में लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव साथ साथ हो रहे हैं और मतगणना चार जून को होगी।

भाजपा कई दिनों से दिन में देख रही सपने

पटनायक ने इस बार ओडिशा में सरकार बनाने के भाजपा के दावों पर अपने विश्वस्त सहयोगी वी के पांडियन के एक सवाल का जवाब देते हुए कहा, “ भाजपा कई दिनों से दिन में सपने देख रही है।” ओडिशा में भाजपा के सरकार बनाने संबंधी मोदी के दावे पर पांडियन ने कहा, “ नवीन पटनायक नौ जून को सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर डेढ़ बजे के बीच लगातार छठी बार ओडिशा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।”

पीएम मोदी ने BJD और कांग्रेस पर बोला हमला

पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा की जनता ने 50 साल तक कांग्रेस के शासन को देखा और पिछले 25 साल से बीजद को देख रही है। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से ओडिशा को देश का नंबर एक राज्य बनाने के लिए भाजपा को एक मौका देने का आग्रह किया। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार मूल निवासियों के कल्याण के लिए काम कर रही है।

बीजद और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, “सभी ने देखा कि क्या हुआ। ओडिशा की भूमि उर्वरक है, यह खनिज संपदा से संपन्न है। यहां समुद्र तट भी हैं। बेरहामपुर जैसा व्यवसायिक केन्द्र है। यहां संस्कृति और विरासत… क्या नहीं है! फिर भी समृद्ध ओडिशा के लोग गरीब रह गए। इस पाप का कौन जिम्मेदार है? जवाब साफ है- कांग्रेस और बीजद।” उन्होंने कहा, “लेकिन अब ओडिशा में बीजद अस्त है, कांग्रेस पस्त है और लोग भाजपा पर आश्वस्त हैं और सिर्फ भाजपा उम्मीदों का नया सूरज बनकर आई है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)