UP Lok Sabha Election Phase 3 Voting
UP Lok Sabha Election Phase 3 Voting

Loading

लखनऊ: लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2024) के तीसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश की 10 सीट पर मंगलवार सुबह 11 बजे तक 26.12 प्रतिशत मतदान हुआ। यूपी के जिन सीटों पर मतदान हो रहा है उनमें संभल, हाथरस, फतेहपुर सीकरी, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली शामिल है। यहां मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक जारी रहेगा।

कहा कितना परसेंट मतदान

1. संभल- 29.55 प्रतिशत
2. हाथरस- 26.05 प्रतिशत
3. आगरा- 25.87 प्रतिशत
4. फतेहपुर सीकरी- 27.63 प्रतिशत
5. फिरोजाबाद- 24.42 प्रतिशत
6. मैनपुरी- 25.13 प्रतिशत
7. एटा- 27.17 प्रतिशत
8. बदायूं- 26.02 प्रतिशत
9. ऑवला- 25.98 प्रतिशत
10. बरेली- 23.60 प्रतिशत

सुबह नौ बजे तक की वोट प्रतिशतता

सुबह नौ बजे तक 12.94 मतदाताओं ने मतदान किया। वोटर टर्नआउट ऐप के मुताबिक शुरुआती दो घंटे में नौ बजे तक संभल में 14.71, हाथरस में 13.43, आगरा में 12.74, फतेहपुर सीकरी में 14, फिरोजाबाद में 13.36, मैनपुरी में 12.18, एटा में 13.16, बदायूं में 12.89, आंवला में 11.42 और बरेली में 11.59 प्रतिशत मतदान हुआ।

तीसरे चरण में यूपी 100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 1.88 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें एक करोड़ से अधिक पुरुष मतदाता और 87 लाख से अधिक महिला मतदाता शामिल हैं।

इन 10 सीटों पर पार्टियों के प्रत्याशी

तीसरे चरण में केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल (Agra), उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह (Mainpuri) और राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि (Hathras) की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। लोकसभा चुनाव का यह दौर सपा के यादव परिवार के लिए भी महत्वपूर्ण है। डिंपल यादव मैनपुरी लोकसभा सीट को बरकरार रखने के लिए प्रयास कर रही हैं, जिसे उन्होंने अपने ससुर और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में जीता था।

सपा के मुख्य राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव फिरोजाबाद सीट को फिर से हासिल करने की कोशिश करेंगे। इस सीट को उन्होंने 2014 में जीता था। बदायूं लोकसभा सीट से चुनावी शुरुआत कर रहे आदित्य यादव सपा का गढ़ मानी जाने वाली इस सीट को जीतना चाहेंगे। वर्ष 2014 में बदायूं सीट पर आदित्य के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव ने जीत हासिल की थी। तीसरे चरण के चुनाव में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दिग्गज नेता रहे कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह एटा संसदीय क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं।

बरेली में मुख्य मुकाबला भाजपा के छत्रपाल सिंह गंगवार और सपा के प्रवीण सिंह ऐरन के बीच है। इस सीट पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) उम्मीदवार मास्टर छोटे लाल गंगवार का नामांकन पत्र खारिज हो गया है। इस चरण में जिन 10 लोकसभा सीट पर मतदान हो रहा है, उनमें से पांच पर भाजपा ने नए चेहरों को टिकट दिया है। भाजपा की तरफ से बरेली से छत्रपाल सिंह गंगवार को संतोष गंगवार की जगह, बदायूं से दुर्विजय सिंह शाक्य को संघमित्रा मौर्य की जगह, हाथरस से अनूप प्रधान वाल्मीकि को राजवीर सिंह दिलेर की जगह, फिरोजाबाद से विश्वदीप सिंह को चंद्रसेन जादौन की जगह और मैनपुरी लोकसभा सीट से जयवीर सिंह मैदान में हैं।

भाजपा ने एटा, आगरा, आंवला और फतेहपुर सीकरी से विजयी उम्मीदवारों को बरकरार रखा है। दल ने संभल लोकसभा सीट से परमेश्वर लाल सैनी को भी टिकट दिया है। तीसरे चरण में कांग्रेस ने फतेहपुर सीकरी से रामनाथ सिंह सिकरवार को मैदान में उतारा है, जबकि उसके सहयोगी दल सपा ने बाकी नौ संसदीय क्षेत्रों से अपने उम्मीदवार उतारे हैं।