PM Modi

Loading

नवभारत न्यूज नेटवर्क
अहमदनगर:
महाराष्ट्र में मंगलवार को तीसरे चरण का मतदान चलने के दौरान चौथे चरण की तैयारियों में जुटे पीएम नरेंद्र मोदी अहमदनगर पहुंच गए। वहां उन्होंने महायुति में शामिल बीजेपी के उम्मीदवार सुजय विखे पाटिल के समर्थन में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करने के दौरान पीएम मोदी ने कांग्रेस को पाकिस्तान की ‘बी’ टीम घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक्सपायरी डेट तय हो गई है। 4 जून के बाद कांग्रेस खत्म हो जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26/11 के मुंबई आतंकी हमले का जिक्र करके हुए कांग्रेस नीत महाविकास आघाड़ी (मविआ) के घटक दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आतंकी हमले को लेकर महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेता का बयान बहुत खतरनाक है। ऐसा लगता है कांग्रेसी मिलकर अब आतंकी कसाब का पक्ष ले रहे हैं। इनकी हताशा सीमा पार तक दिखाई दे रही है। देश के अंदर वाली कांग्रेस की A टीम हार रही है। इसलिए सीमा पार वाली इनकी B टीम सक्रिय हो गई है। उन्होंने कहा कि सीमा पार से कांग्रेस का हौसला बढ़ाने के लिए ट्वीट किए जा रहे हैं। उसके बदले कांग्रेस आतंकी हमलों में क्लीन चिट दे रही है। ये 26/11 आतंकी हमले में मारे गए देश के नागरिकों, सैनिकों का अपमान है।

मुस्लिमों तुष्टिकरण का आरोप
पीएम मोदी इतने पर ही नहीं रुके. उन्होंने मुस्लिम आरक्षण के मुद्दे को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैं काफी पहले से कह रहा था कि कांग्रेस और उसके साथी दल बहुत बड़ा खेल खेलने में लगे हैं, ये बात साबित हो गई। उन्होंने कहा कि गठबंधन के एक साथी नेता ने इससे पर्दा हटा दिया है। उन्होंने लालू प्रसाद पर इशारों-इशारों में कहा कि वो सभी मुसलमानों को आरक्षण देने के पक्ष में हैं। ये गरीबों का आरक्षण छीन कर मुसलमानों को देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण की मनाही करता है लेकिन गठबंधन के नेता संविधान बदलना चाहते हैं। पीएम ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल इस रणनीति से अपने वोट बैंक को खुश करना चाहते हैं।

कांग्रेस करती है गरीबी राजनीति
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन किसी भी मुद्दे पर बात करने की स्थिति में नहीं। कांग्रेस के पास बोलने के लिए कुछ भी नहीं। कांग्रेस ने पांच दशक से गरीबी हटाने के झूठे वादे किए। यह गरीबों के साथ विश्वासघात था।