मुंबई

Published: Jul 25, 2022 07:12 PM IST

AC Local Train Updateजानें क्यों बदला गया मध्य रेलवे की एसी लोकल ट्रेन का चेहरा, पढ़ें डिटेल्स

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई : मध्य रेलवे पर चलने वाली एसी लोकल ट्रेन का चेहरा बदल दिया गया है। एसी लोकल ट्रेन का फेस अब सिल्वर की जगह यलो दिखाई देगा। उल्लेखनीय है कि आईसीएफ निर्मित एसी लोकल के आगे का भाग सिल्वर कलर में है, जिसकी विजिबिलिटी को लेकर परेशानी हो रही थी।  

 बताया गया कि ट्रैक पर काम करने वाले कर्मचारियों (गैंगमैन) का कहना था कि एसी लोकल ट्रेन दूर से अच्छी तरह दृष्टिगत नहीं होती।

सुरक्षा कारणों से बदला रंग

मध्य रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए एसी लोकल का भी फेस कलर बदलने का काम किया जा रहा है। आम लोकल का फेस कलर पीला ही है, जो दूर से भी आसानी से दिखाई देता है। बताया गया कि दो एसी लोकल के सामने का हिस्सा पीले रंग में रंग दिया गया है।

दूर से कम दिखाई देता है सिल्वर कलर

 सिल्वर कलर दूर से कम दिखाई देता है और आंखों के लिए भी असहज लगता है, इसलिए सभी एसी लोकल के फेस को यलो कलर दिया जाएगा। यात्रियों को भी नीला और पीला कलर शेड ज्यादा प्रभावशाली है।गौरतलब है कि जब लोकल के नये सीमेंस रेक आए थे,तब वे काले कलर के थे,उस समय भी विजिबिलिटी की समस्या को देखते हुए उन्हें यलो कलर में बदला गया था।

पीक आवर में फुल  

मध्य रेलवे के मेनलाइन पर एसी लोकल को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। सुबह-शाम पीक ऑवर में एसी लोकल फुल दौड़ रही है। इस समय मध्य रेलवे पर एसी लोकल की 56 फेरियां हो रहीं हैं। रेक बढ़ने के साथ फेरियां भी बढेंगी। फ़िलहाल मध्य रेल के पास 6 रेक और पश्चिम रेलवे के पास 4 रेक हैं। वेस्टर्न पर एसी लोकल की 32 सर्विस चल रही है। इसे बढ़ाए जाने की मांग भी यात्री कर रहें हैं। 12 कोच की साधारण लोकल में 3504 यात्री जिनमें 1,168 बैठ कर और 2,336 यात्री खड़े होकर यात्रा कर सकते हैं, जबकि एसी लोकल में 6,500 यात्री ढोने की क्षमता है।