मुंबई

Published: Apr 23, 2021 08:31 AM IST

Mumbai Lockdownबिना वजह घर से बाहर निकलना बंद, पुलिस ने मोर्चा संभाला,लोकल, मैट्रो एवं मोनो सामान्य नागरिकों के लिए बंद

कंटेन्ट राइटरनवभारत.कॉम

मुंबई. मुंबई (Mumbai) सहित पूरे महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोरोना संक्रमण के रोकथाम को लेकर सरकार की तरफ से घोषित सख्त लॉकडाउन (Strict Lockdown) गुरुवार की रात 8 बजे से प्रभावी हो गया है। जिसके तहत बगैर काम के घरों से बाहर निकलने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरु हो गई है। इसके लिए मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने मोर्चा संभाल लिया है। आने जाने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। 

महाराष्ट्र में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।  जिसको लेकर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पिछले पखवाड़े मिनी लॉकडाउन की घोषणा की थी। सरकार की तरफ से बार -बार अपील के बावजूद भीड़ कम नहीं होने की वजह से गत दिनों मंत्रिमंडल की बैठक में कठोर लॉकडाउन का निर्णय लिया गया। बुधवार को गाइडलाइन तैयार होने के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर इसकी घोषणा मुख्य सचिव सीतारमण कुंटे ने की थी। 

लॉकडाउन 1 मई की सुबह 7 बजे तक जारी रहेगा

ब्रेक द चेन अंतर्गत गुरुवार की रात से शुरु हुआ सख्त लॉकडाउन 1 मई की सुबह 7 बजे तक जारी रहेगा। यह लॉकडाउन पिछले साल की ही तरह है जिसकी वजह से इसका क्रियान्वयन कराने के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है।  कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है।

बड़े पैमाने पर पुलिस बंदोबस्त

मुंबई मनपा के सभी चेक नाकों पर बड़े पैमाने पर पुलिस बंदोबस्त किया गया है। अत्यावश्यक सेवा को छोड़ अन्य वाहनों की जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।  निजी वाहनों में 50 प्रतिशत क्षमता तक लोगों को यात्रा की अनुमति दी गई है।    

मुंबई से बाहर केवल अत्यावश्यक काम से ही जाया जा सकता है

लोकल ट्रेनों में यात्रा को लेकर राज्य सरकारने नियमावली तैयार की है जिसका पालन रेलवे की तरफ से किया जा रहा है। सामान्य यात्रियों के लिए लोकल के दरवाजे बंद हो गए हैं। टिकट अब काउंटर से ही मिल रहे हैं।  मेट्रो एवं मोनो ट्रेन में भी सामान्य नागरिकों को यात्रा की सुविधा नहीं है। मुंबई से बाहर केवल अत्यावश्यक काम से ही जाया जा सकता है। दूसरे जिले में उसे 14 दिन तक होम क्वारंटाइन रहना पड़ेगा।